रायपुर : सामान्यतया 15 अक्टूबर को मानसून की समाप्ति मानी जाती है, जिसके बाद गुलाबी ठंड का आगमन होता है, वहीँ बीते वर्षों में ठंड में काफी गिरावट आ चुकी है, जबकि इस बार ठंड तीव्र गति से बढ़ रही है, जिसके कारण छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य क्षेत्र में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक इस क्षेत्र में शीतलहर की संभावना है। वहीँ दो दिनों के बाद लोगों को ठंड से हल्की राहत मिलने की उम्मीद है। अभी पारे में गिरावट का दौर लगातार जारी है लेकिन आने वाले समय में तापमान में 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। आम लोग ठंड से लगातार ठिठुर रहे है। इसके साथ ही मौसम विभाग के अनुसार, चार दिनों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री के वृद्धि की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि ऐसे मौसम में ही बीमारी बढ़ने का डर रहता है। ऐसे में अपनी सेहत का ख्याल रखें।
इन जिलों में कड़ाके की ठंड :
इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया है कि सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर है। इसके अलावा कोरिया, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़, जशपुर और बिलासपुर जिलों में शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रायगढ़ जिला भी कड़ाके की ठंड के चपेट में हैं। इसके साथ ही रायगढ़ में कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर निगम ने 9 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। नवंबर महीने में ऐसी ठंड ने लोगों को मुश्किलों में डाल दिया है। बीते वर्षों में ठंड का इतना कहर नहीं था।
क्यों हो रही है ठंडक :
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, ठंड का असर मैदानी क्षेत्रों में भी है। मैदानी क्षेत्रों वाले जिलों में दुर्ग जिला सबसे ठंडा है। यहां रात का तापमान 10.8° डिग्री दर्ज किया गया है। रायपुर जिले में भी ठंड पड़ रही है। यहां रात का तापमान 13 डिग्री के आसपास है। जिस कारण लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। बढ़ती ठंड ने लोगों को हलाकान कर दिया है।
नवंबर महीने का ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड :
नवंबर महीने से आमतौर पर ठंड की शुरुआत होती है। नवंबर के महीने में इस तरह के कड़ाके की ठंड कुछ ही क्षेत्र में देखने को मिलती थी। लेकिन इस बार पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 1983 के बाद इस तरह की ठंड नवंबर महीने में पड़ रही है। विभाग के अनुसार, जिले का सबसे न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री अंबिकापुर का दर्ज किया गया है। वहीँ ठंड अभी कम होने के आसार नहीं है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।



