बदायूं (उ.प्र.) : कई बार कुछ अचम्भित करने वाले मामले भी सामने आ जाते है, लेकिन जब तह तक जाओ तो कुछ खास नहीं होता, लेकिन जब तक मामला स्पष्ट ना हो, तब तक कौतुहल बना रहता है। आपने बर्फ पड़ती हुई देखी होगी। अक्सर बारिश के साथ ओले गिरते हुये देखे होंगे। पर क्या आपने कभी आसमान से बर्फ की 20-25 किलो की सिल्ली गिरते हुये देखा है? अधिकतर लोगों का जवाब नहीं होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश में ऐसा ही एक मामला देखने को मिला है। घटना में गनीमत सिर्फ इतनी रही कि सिल्ली नुमा बर्फ का ये भारी टुकड़ा किसी शख्स के ऊपर नहीं गिरा। कुछ लोग इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
मामला है बदायूं जिले के बिल्सी के दीननगर शेखपुर क्षेत्र में सुबह एक बेहद असामान्य और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित एक ईंट भट्ठे पर कथित तौर पर आसमान से करीब 20 से 25 किलोग्राम वजनी बर्फ का एक विशाल टुकड़ा गिरा, जिसके बाद वहां काम कर रहे हो दहशत में आ गये। गनीमत रही कि जिस समय यह टुकड़ा गिरा वहां काम कर रहे मजदूर बाल-बाल बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यह टुकड़ा आकार में किसी बड़े ओले या सिल्ली जैसा लग रहा था। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है और यह पता लगाने में जुट गया है कि आखिर यह बर्फ कहां से गिरी है, गिरने के पहले यह किस रूप में थी और इसका क्या माजरा हो सकता है?
मजदूरी करने वाले सोमेंद्र यादव के पास गिरा ये टुकड़ा, उन्होंने क्या देखा?
जानकारी के अनुसार इस घटना के समय ईंट भट्ठे पर कई मजदूर ईंट थोपने का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना अचानक हुई और बर्फ का टुकड़ा नीचे गिरते ही जोर से आवाज़ हुई। सोमेंद्र यादव ने अपनी आंखों देखी घटना का हाल बताते हुए कहा कि हम लोग सुबह ईंटें थोप रहे थे। अचानक ऊपर से बर्फ का बड़ा सा टुकड़ा गिरा। इसका वजन करीब 20 किलो के आसपास रहा होगा। अगर यह थोड़ा भी पास गिर जाता तो किसी को गंभीर चोट लग सकती थी, हम सब बाल-बाल बच गये। इस मामले में दूसरे मजदूर वीर सिंह ने बताया कि हम सब काम पर लगे हुये थे। ऊपर कोई विमान या कुछ नहीं दिखा। बस अचानक जोर से धमाके जैसी आवाज के साथ बर्फ नीचे गिरी। इस अचानक हुई घटना से सभी सहम गये।
कहां से आई इतनी बड़ी बर्फ की सिल्ली?
इस घटना में इतने भारी-भरकम बर्फ के टुकड़े के गिरने की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गई। बिल्सी के एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। एसडीएम प्रेमपाल ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि दीननगर शेखपुर चौराहे के पास स्थित एक ईंट भट्टे पर 20 से 25 किलो का बर्फ का टुकड़ा गिरा है। पुलिस को मौके पर भेज दिया गया। घटना में किसी तरह की चोट या नुकसान की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है कि यह बर्फ कहां से और किस कारण गिरी? प्रशासन अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह घटना प्राकृतिक थी या फिर यह टुकड़ा किसी विमान से गिरा है। कभी-कभी विमानों से ‘ब्लू आइस’ (शौचालय का जमा हुआ अपशिष्ट) गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। हालाँकि ऐसा कुछ कहा नहीं जा सकता है, घटना को लेकर लोगों में कौतुहल बना हुआ है।



