बिलासपुर : तकनीकी बदलाव समय के अनुसार बहुत जरुरी है, लेकिन कई बार ये मुसीबत का कारण भी बन जाते है। ऐसे ही शहर के वाहन मालिकों को इन दिनों ट्रांसपोर्ट विभाग से अलग-अलग मामलों में चालान मिल रहे हैं। वहीँ वाहन मालिकों की परेशानी तब और बढ़ जाती है जब आरटीओ में इस संबंध में काेई जानकारी ही नहीं मिल पाती है। इस मामले में आरटीओ कार्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों को भी यह नहीं पता है कि इस जुर्माना की राशि कहां जमा करनी है। जिसको लेकर वो भी अनभिज्ञता जता रहे है।
मोपका के गुलाब नगर में रहने वाले मोहम्मद सिराज ने बताया कि उनके मोबाईल पर 21 नवंबर की शाम आरटीओ की ओर से एक मैसेज आया था। इसमें उनकी कार का बीमा खत्म होने के कारण दो हजार का चालान भेजा गया था। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 190(2) के 300 रुपये जुर्माना किया गया था। हालांकि उनकी कार का बीमा पहले से ही किया हुआ है। इसके साथ ही उनकी कार के सारे दस्तावेज सही हैं। इसके बाद भी उनके पास चालान आ गया, जो कि चौंकाने वाला मामला है।
अधिकारी नहीं दे पा रहे चालान की जानकारी :
जिसके बाद वे तत्काल आरटीओ कार्यालय पहुंच गए। वहां पर कोई भी चालान के संबंध में जानकारी नहीं दे पाया। इसी दौरान वहां पर कई लोग और भी पहुंचे, जिन्होंने चालान मिलने की बात कही। बताया गया कि मोपका बाइपास के पास एक कैमरा लगा हुआ है। इसी के माध्यम से वाहन मालिकों को चालान भेजा जा रहा है, बदलती हुई तकनीक में सेंसर युक्त यह कैमरा है, जो वाहनों की हर गतिविधि को गहराई से पकड़ता है। इधर परिवहन विभाग के अधिकारी चालान की राशि कहां जमा होगी इसकी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। इसके अलावा जिनके दस्तावेज सही है, उनका क्या होगा। इसकी भी जानकारी वहां मौजूद अधिकारी कर्मचारी नहीं दे पा रहे हैं।
विभाग के कर्मचारियों को भी मिला है चालान :
लगरा स्थित आरटीओ कार्यालय और शहर के बीच मोपका बाइपास के पास ही कैमरा लगा है। इसी रास्ते से आरटीओ के कर्मचारी भी प्रतिदिन ड्यूटी पर पहुंचते हैं। बताया जाता है कि कैमरे की जद में आने वाले कई कर्मचारियों को ऑनलाईन नोटिस मिला है। अपने ही विभाग से मिले चालान से विभाग के कर्मचारी भी परेशान है। उन्हें भी नहीं पता कि इस चालान का निपटारा कैसे होगा। वहीँ विभाग के कर्मचारियों ने इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दी है, लेकिन समाधान नहीं मिला है।
विभाग की ओर से शहर में कुछ जगहों पर कैमरे लगवाए गए हैं। यह प्रारंभिक चरण में है इसके कारण कुछ समस्या आ रही है। जल्दी ही इसे ठीक कर लिया जाएगा। जिन लोगों के दस्तावेज सही हैं उन्हें चालान की राशि जमा करने की जरूरत नहीं है। विभाग की ओर से इसका समाधान किया जाएगा। : असीम माथुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी



