राजधानी में BLO के साथ महिला ने की मारपीट और गाली-गलौज, सामने आया ये मामला….।

रायपुर : भारतीय कानून आपको किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के साथ बदतमीजी करने की अनुमति नहीं देता है, ऐसे में आपको जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। वहीँ जब सरकार के विशेष कार्य होते है तो अधिकारी वर्ग पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में जहाँ SIR के लिये BLO दिनरात मशक्कत कर रहे है, तो उनकी समस्या समझने के बाद भी लोग उन्हें तरह तरह से परेशान करने में जुटे हुये है। वहीँ राजधानी में एसआईआर अभियान के दौरान एक महिला बीएलओ के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ शक्ति नगर उपरपारा की बीएलओ वंदना सोनी ने खम्हारडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी सविता भटवाल नामक महिला ने न केवल शासकीय कार्य में बाधा डाली, बल्कि गाली-गलौज करते हुए उनके साथ हाथापाई भी की है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वंदना सोनी के अनुसार वे विधानसभा क्षेत्र 50/84 में बीएलओ का कार्य कर रही हैं। शनिवार की दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच वे अपनी साथी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईश्वरी तिवारी, रामेश्वरी देवांगन और बेटे के साथ एसआईआर का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान आरोपी महिला आकर पहले गाली-गलौज करने लगी और फिर हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। विवाद क्यूँ और कैसे शुरू हुआ स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मोहल्ले वालों ने किया बीच-बचाव :

वंदना के मुताबिक महिला ने मोहल्ले में पड़ी रेत उठाकर फेंका और उनके बेटे को भी मारने का प्रयास किया। हंगामा बढ़ने पर मोहल्ले वालों ने बीच-बचाव किया। वंदना सोनी के बाएं हाथ में चोट आई है और दर्द बना हुआ है। उन्होंने लिखित शिकायत थाने में दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर रही है। इससे पहले भी राजधानी में बीएलओ के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। महंत लक्ष्मीनारायण वार्ड में भाजपा पार्षद द्वारा बीएलओ को धमकी देने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि नया प्रकरण सामने आ गया है। चुनावी कार्यों में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल लगातार उठ रहे हैं। ऐसे ही कई जगहों पर BLO के साथ आम लोगों का बर्ताव सही नहीं है।