बैकुंठपुर : आधुनिक ज़माने में खुद को कुछ ज्यादा ही आधुनिक दिखाने के चक्कर में लोग मूर्खता के शिकार हो रहे है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें बीच सडक़ पर शुक्रवार की रात कार रोककर सोनहत के बीएमओ ने अपना जन्मदिवस मनाया था। इस दौरान बीएमओ का एक साथी भी मौजूद था। दोनों ने कार के बोनट पर केक रखकर काटा और जमकर आतिशबाजी भी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। इसे संज्ञान में लेकर बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने बीएमओ डॉ. अनित बखला व उसके दोस्त के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के ग्राम आनी निवासी डॉ. अनित बखला सोनहत में बीएमओ के पद पर पदस्थ हैं। वे अपने दोस्त के साथ 28 नवंबर की रात जन्मदिन मनाने के लिए जा रहे थे। बैकुंठपुर से लगे रामपुर तिराहा के पास बीच सड़क पर कार (क्रमांक सीजी 16 सीआर 0016) खड़ी की और फिर बोनट पर केक रखकर काटा। जन्मदिन के उत्साह में आतिशबाजी भी की गई। बीच सड़क पर उन्होंने ये कृत्य किया और उसका विडियो भी बनाया जो वायरल हो गया।
वहीँ हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद बीएमओ का बर्थडे का वीडियो वायरल हुआ। जिसपर लोगों ने कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी। अब पुलिस ने बीएमओ समेत दो लोगों पर BNS की धारा 285, 288, 3 (5) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 122, 177 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। कई बार ऐसे मामले सुर्ख़ियों में आते है फिर भी लोग सुधरने का नाम नहीं लेते है।



