नई दिल्ली : महिलाओं का उत्पीड़न बहुत बड़े स्तर पर हो रहा है, बच्ची से लेकर बुजुर्ग महिला तक भी सुरक्षित नहीं है। वहीँ अब फिर देश की राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां वसीम नाम के आरोपी ने एक महिला से जबरदस्ती शादी करने के लिए महिला के ढाई साल के बच्चे का अपहरण कर लिया था। हालांकि पुलिस ने मुरादाबाद से बच्चे को बरामद कर लिया है और आरोपी वसीम को गिरफ्तार भी कर लिया। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई है कि आखिर शादी करने के लिए एक शख्स कितना नीचे गिर सकता है।
मामले के अनुसार दिल्ली के कश्मीरी गेट क्षेत्र से अपहरण किए गए एक 2.5 साल के बच्चे को पुलिस ने मुरादाबाद से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी वसीम को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीँ इस घटना से महिला काफी घबरा गई थी, बताया गया है कि वह महिला पर जबरिया शादी करने का दबाव बनाता था।
डीसीपी नॉर्थ राजा बन्थिया के मुताबिक, बच्चे की मां हर मंगलवार को यमुना बाजार के हनुमान मंदिर के पास खाने-पीने की दुकान लगाती है। वहीं पर रहने वाला वसीम एक साल से उस महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। महिला ने जब शादी से साफ मना कर दिया तो दोनों के बीच घटना वाले दिन झगड़ा हुआ। झगड़े के बाद वसीम ने गुस्से में महिला के छोटे बेटे को उठा लिया, जो पार्क में खेल रहा था। जिसके बाद महिला ने तुरंत पुलिस को PCR कॉल की।
डीसीपी का सामने आया बयान :
डीसीपी के मुताबिक, वसीम के पास कोई मोबाईल नहीं था, इसलिए पुलिस को टेक्निकल ट्रेसिंग का फायदा नहीं मिला। फिर पुलिस ने स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई गई। पता चला कि आरोपी की बहन मुरादाबाद में रहती है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम तुरंत मुरादाबाद पहुंची और रात में ही छापेमारी कर आरोपी को उसकी बहन के घर से पकड़ लिया गया। पुलिस की पूछताछ में वसीम ने माना कि वह महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन जब उसने मना कर दिया तो दबाव बनाने के लिए बच्चे को उठा कर ले गया था। पुलिस के मुताबिक वसीम पहले भी चोरी और स्नैचिंग के दो मामलों में पकड़ा जा चुका है, उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज है।



