लखनऊ (उ.प्र.) : किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में लव जिहाद के मामले में आरोपित जूनियर रेजिडेंट डा. रमीज उद्दीन नायक को मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद की स्वीकृति से डीन एकेडमिक्स प्रो. वीरेंद्र आतम ने यह कार्यवाही की। प्रो. आतम ने पत्र में लिखा है कि यौन उत्पीड़न की शिकायत का संज्ञान आंतरिक समिति ने लिया है। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए समिति ने कहा है कि जांच लंबित रहने के दौरान जूनियर रेजिडेंट ड्यूटी पर बने रहकर निष्पक्ष और तटस्थ जांच प्रभावित कर सकता है। मामले के अनुसार लखनऊ की किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ने एक महिला डॉक्टर पर धर्मांतरण का दबाव बनाने वाले डॉ रमीज को निलंबित कर दिया गया है। डॉक्टर रमीज ने खुद को बेगुनाह बताया है।
जानकारी के अनुसार रेजिडेंट डॉक्टर रमीज, कॉलेज प्रशासन के बुलाने पर मेडिकल कालेज पहुंचे थे। डॉ रमीज ने अपने को बेगुनाह बताया। उन्होंने कहा कि महिला डॉक्टर से उनकी दोस्ती आपसी सहमति से थी। डॉ रमीज का ये भी कहना था कि उनकी शादी अभी नहीं हुई है। कॉलेज प्रशासन ने इसका एफिडेविट मांगा, जो डॉक्टर रमीज ने नहीं दिया। इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में यूपी के लखनऊ में एक महिला डॉक्टर के साथ लव जिहाद और धर्मांतरण की कोशिश की बात सामने आई थी। मानसिक रूप से परेशान महिला रेजिडेंट ने आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर स्थिति में उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां आइसीयू में उसका इलाज किया गया। इस मामले की शिकायत सीएम पोर्टल और महिला आयोग से की गई थी। दरअसल लखनऊ की किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में एक महिला रेजीडेंट डॉक्टर ने आरोप लगाया था कि एक दूसरे रेजीडेंट डॉक्टर ने उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया। रेजीडेंट डॉक्टर के पिता ने सीएम पोर्टल और महिला आयोग में इसकी शिकायत की थी। महिला रेजीडेंट पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और एमडी कर रही है।
महिला रेजीडेंट डॉक्टर के घर वालों ने आरोप लगाते हुए बताया था कि जून 2025 में ही महिला रेजीडेंट डॉक्टर की अपने ही डिपार्टमेंट के एक रेजीडेंट डॉक्टर से दोस्ती हुई, जो दूसरे धर्म (मुस्लिम) का था। जब महिला डॉक्टर ने शादी की बात चलाई तो पुरुष डॉक्टर धर्मांतरण की बात करने लगा। जब महिला डॉक्टर ने इसके लिए मना किया तो पुरुष डॉक्टर ने शादी से मना कर दिया। इसके बाद महिला रेजीडेंट डॉक्टर ने खुदकुशी की कोशिश की। महिला डॉक्टर के परिवारीजन का आरोप है कि साथी रेजिडेंट ने बेटी को प्रेमजाल में फंसाया और महीनों तक शोषण किया। जब शादी की बात आई तो रेजिडेंट मतांतरण का दबाव बनाने लगा, बेटी ने ऐसा करने से मना कर दिया। इसी दौरान रेजिडेंट डॉक्टर की पत्नी को पता चला तो उसने महिला डॉक्टर को उसके पहले से शादीशुदा होने की जानकारी दी। इसके बाद महिला डॉक्टर बुरी तरह टूट गई और परेशान रहने लगी। ये मामला काफी सुर्खियों में भी रहा था।



