महाराष्ट्र : हिंदी बोलने पर मां ने कर दी 6 साल की बेटी की हत्या, मामले में सामने आई चौंकाने वाली बात।

पनवेल/मुंबई (महाराष्ट्र) : मनोरंजन की नगरी मुंबई से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, शहर के कलंबोली में एक महिला ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी है। जानकारी के मुताबिक महिला बेटा न होने की वजह से काफी परेशान रहती थी। वहीं बेटी के हिंदी बोलने से भी वह काफी नाराज रहा करती थी। अक्सर बेटी घर पर हिंदी बोलने लगती थी, जिससे महिला काफी नाराज होती थी। जानकारी के मुताबिक जब घर पर कोई नहीं था तो महिला ने अपनी बेटी की नाक और मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस घटना के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने लोगों के सामने सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर माँ की ममता कहाँ गई? माँ इतनी निर्मम कैसे हो सकती है?

लंबे समय से तनाव में थी महिला :

दरअसल, पनवेल के कलंबोली में एक मां ने ही अपनी छह साल की बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सुप्रिया प्रमोद म्हामुणकर (30) को गिरफ्तार कर शुक्रवार को पनवेल कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस घटना से संबंधित सबूत इकट्ठा करने में जुटी है। वहीं आरोपी महिला ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले को लेकर कलंबोली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कोईते ने बताया कि, महिला काफी लंबे समय से तनाव में थी। उसे इस बात का बहुत दुख था कि उसे बेटी क्यों हुई क्योंकि उसे बेटा चाहिए था, जिसके चलते परिजनों ने उसे डॉक्टर को दिखाया था और उसका इलाज चल रहा था। वह काफी परेशान थी, जिसके कारण वह लगातार तनावग्रस्त हो रही थी।

हिंदी बोलने पर की बेटी की हत्या :

इस घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक लड़की स्कूल जाती थी, इसलिए उसे मराठी के साथ इंग्लिश और हिंदी भाषा का भी ज्ञान था। वह घर पर कई बार हिंदी में बोलने लगती थी, जिससे उसकी मां काफी नाराज रहती थी। गुरुवार को जब घर में कोई नहीं था तब आरोपी महिला ने बच्ची का नाक और मुंह दबाकर तथा किसी भारी वस्तु से उसके पेट और सीने पर दबाव डालकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कलंबोली पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस जघन्य अपराध के पीछे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। इसके साथ ही इस घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।