बुजुर्ग महिला पहुंची 1 करोड़ ट्रांसफर करवाने बैंक, फिर मैनेजर को हुआ शक, मामले में हुआ बड़ा खुलासा।

प्रयागराज (उ.प्र.) : साईबर धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में साईबर धोखाधड़ी करने वाले अधिकतर बुजुर्ग लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया प्रयागराज जिले से, जहां एक बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया, हालांकि बैंककर्मी की सूझबूझ से महिला शिकार होते-होते बच गई। जानकारी के अनुसार पीएनबी बैंक सिविल लाइन शाखा के मैनेजर व कर्मियों की सजगता से बुजुर्ग महिला की गाढ़ी कमाई बच गई। महिला को आजीवन कमाई हुई पूंजी गंवानी पड़ जाती।

1 करोड़ 20 लाख रुपये में ट्रांसफर करने पहुंची महिला :

दरअसल, सोमवार को बुजुर्ग महिला चंचल श्रीवास्तव दोपहर 1:30 बजे पीएनबी बैंक पहुंची थी। यहाँ महिला ने बैंक स्टाफ से एक करोड़ 20 लाख रूपये किसी अन्य खाते में हस्तांतरित करने को कहा, जिसके बाद शक होने पर फ्रंट ऑफिस कर्मचारियों ने चीफ मैनेजर विपिन कुमार को जानकारी दी। चीफ मैनेजर ने भी महिला से बातचीत की। जिसके बाद शक होने पर चीफ मैनेजर ने एक कर्मचारी को कोटक महिंद्रा बैंक भेजा। जिस अकाउंट में महिला रुपए भेजना चाहती थी वह अक्टूबर में खुला करंट अकाउंट था। यह अकाउंट झारखंड के रांची का था, जिसके बाद चीफ मैनेजर ने साइबर क्राइम थाना पुलिस की भी मदद ली, बुजुर्ग महिला को बैंक अधिकारियों और साईबर क्राइम थाना पुलिस ने देर शाम तक उलझाए रखा, जिसके बाद बैंक मैनेजर ने बुजुर्ग महिला के विदेश में रह रहे बेटे से बात की। धीरे – धीरे मामले को संभाला गया।

बैंक मैनेजर ने बचा दी बुजुर्ग की कमाई :

बैंक मैनेजर ने एफडी तोड़ने के बावजूद साईबर ठगों के अकाउंट में रुपए नहीं ट्रांसफर किए। जिससे बुजुर्ग महिला की गाढ़ी कमाई बच गई। मामले में पता चला है कि बुजुर्ग महिला चंचल श्रीवास्तव शिक्षिका के पद से रिटायर थी। उसके सेविंग, एफडी और वरिष्ठ नागरिक बैंक अकाउंट में एक करोड़ 27 लाख रुपए जमा थे, जिसको लेकर आशंका जताई गई है कि साईबर ठगों ने उसे आयकर का डर दिखाकर उसे डिजिटल अरेस्ट किया था। वहीँ बैंक कर्मियों की सजगता से महिला का बड़ा नुकसान होने से बच गया।

सजगता के कारण नहीं हो पाया साइबर फ्रॉड :

हालांकि महिला ने डिजिटल अरेस्ट को लेकर अभी कोई ठोस जानकारी नहीं दी है, लेकिन इसके बावजूद महिला की जीवन भर की पूंजी बैंक कर्मचारियों अधिकारियों की सजगता से बच गई। वहीँ पीएनबी के जोनल महाप्रबंधक दीपक सिंह ने भी अपने अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा है कि ज्यादा अमाउंट निकाले जाने पर आरबीआई और पीएनबी की गाइड लाइन है। इस गाइड लाइन का पालन करने से महिला ग्राहक साईबर फ्रॉड का शिकार होने से बच गयी। वहीँ बैंक अधिकारियों ने लोगों को सजग रहने के लिये कहा है।