नशे की तस्करी करते हुये निखिल सिन्हा और योगेश ध्रुव सहित चार गिरफ्त में, ओड़िशा से राजधानी में करते थे लाखों के नशे की तस्करी।

रायपुर : नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन वो नाकाफी साबित हो रहा है, वहीँ इसी के अंतर्गत पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप और गांजा की तस्करी करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पकड़े गये सभी आरोपियों में एक अंतर्राज्यीय तस्कर ओड़िशा का निवासी भी शामिल है, जो नशे के सामानों की तस्करी में लिप्त है।

वहीँ पुलिस को सूचना मिली थी कि महासमुंद से रायपुर की ओर एक पिकअप वाहन में प्रतिबंधित सिरप और मादक पदार्थ ले जाये जा रहे हैं। इस सूचना की पुष्टि के बाद एण्टी क्राईम एंड साईबर यूनिट तथा थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम ने आरंग थाना क्षेत्र के लखौली स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई, जांच के दौरान आरोपी हड़बड़ा गये और पुलिस ने वाहन की जांच की।

वाहन में सवार चार लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने नाम डिलेश्वर मेहर (ओड़िशा निवासी), लेखू सिन्हा, निखिल सिन्हा और योगेश ध्रुव (तीनों रायपुर निवासी) बताये। तलाशी के दौरान वाहन से 1 किलोग्राम गांजा और 75 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप (कोडीन फॉस्फेट) बरामद की गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

जब्त किए गए मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत लगभग 6 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में थाना आरंग में अपराध क्रमांक 08/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके खिलाफ आवश्यक क़ानूनी कार्यवाही की जा रही है और उनके कनेक्शनों का भी पता लगाया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी :

  • डिलेश्वर मेहर, उम्र 19 वर्ष, निवासी लोहरा चट्टी, थाना सोहेला, जिला बरगढ़ (ओड़िशा)।
  • लेखू सिन्हा, उम्र 22 वर्ष, निवासी गंगानगर भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।
  • निखिल सिन्हा, उम्र 19 वर्ष, निवासी गंगानगर भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।
  • योगेश ध्रुव, उम्र 25 वर्ष, निवासी गंगानगर भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।