सन्डे मार्केट पर फिर चला बुलडोजर, दुकानदारों को सख्त कार्यवाही की दी चेतावनी, गौसेवक ओमेश बिसेन ने कहा राजधानी के सन्डे मार्केट पर भी हो कार्यवाही।

दुर्ग/भिलाई : सन्डे बाज़ार के कारण आम आदमी काफी परेशान होता रहता है, यहाँ दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर फूटपाथ पर दुकान लगाने वालों से पैसे लेकर उन्हें दुकान लगाने देते है, जिससे सड़कें जाम होती है और आवागमन प्रभावित होता है, वहीँ भिलाई के सुपेला संडे मार्केट में एक बार फिर निगम प्रशासन और पुलिस विभाग ने सख्त कार्यवाही की है। जिसको लेकर सुबह 8 बजे से ही निगम प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंचकर मौके पर जेसीबी के साथ अतिक्रमण को हटाया।

दरअसल, भिलाई के सुपेला में हर रविवार को बाजार सजता है। वहीँ सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को भिलाई नगर निगम द्वारा कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन चेतावनी मिलते ही व्यापारी अपना व्यापार हटा लेते हैं, लेकिन फिर अतिक्रमण कर वे व्यापार करने लगते हैं। ऐसे में अतिक्रमण की वजह से व्यस्ततम मार्ग पर यातायात प्रभावित होता है।

इस बार पहले ही दुकान के सामने पैसे लेकर अवैध तरीके से दुकान खुलवाने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए चूने से एरिया मार्क कर दिया गया था, फिर भी इसके बाद आज सुबह निगम अमला जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचा और कब्जों को हटाने का काम किया। इसके साथ फिर से दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि अब यदि अतिक्रमण हुआ तो भारी भरकम जुर्माना वसूला जायेगा। इस तरह व्यापारी अपनी अवैध कमी को लेकर आम लोगों की परेशानी का सबब बन रहे है।

गौसेवक ओमेश बिसेन ने कहा राजधानी के सन्डे बाज़ारों पर भी हो कार्यवाही :

छत्तीसगढ़ के जाने माने गौसेवक ओमेश बिसेन ने कहा है, कि राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था सबसे ज्यादा बदहाल है, ऐसे में राजधानी में भी एमजी रोड, मौदहापारा, मालवीय रोड जैसे सन्डे बाज़ारों पर भी कार्यवाही होनी चाहिये, इनके कारण ट्रैफिक जाम से आम आदमी परेशान होता है, खासकर जयस्तंभ चौक से फाफाडीह जाने वाले रेलयात्रियों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है, मौदहापारा का सन्डे बाज़ार अचानक शुरू किया गया था, लेकिन नगर निगम मौन बैठा है।