रायपुर : छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर से लगे लातेहार में भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 80 लोग घायल हुए हैं। लातेहार के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा घाटी में बारातियों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर पुलिस पहुंचने के बाद लोगों को अस्पताल भेजा गया। हादसे के पीछे बस का ब्रेक फेल बताया जा रहा है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री ने इलाज के निर्देश दिए हैं। वहीं मरने वाले सभी लोग छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले थे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर जिले के समीप हुई इस बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हृदयविदारक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। वहीँ मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा इस दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को ₹5 लाख तथा घायल व्यक्तियों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही तत्काल राहत एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो तथा उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए हरसंभव और प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएँ। मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।



