नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है। आज भाजपा के मुख्यालय में उनके नाम का आधिकारिक ऐलान किया गया है। नितिन नबीन भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जिनकी उम्र महज 45 साल है। वह बिहार के ऐसे पहले नेता हैं, जो इस पद तक पहुंचे हैं, जिसको लेकर बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है।
भाजपा मुख्यालय में हुई घोषणा :
भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चयन का आधिकारिक ऐलान किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत बीजेपी के वरिष्ठ नेता, साथ ही भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हैं। नितिन नबीन की छवि एक जमीनी कार्यकर्त्ता की है, और उनकी संगठन में मजबूत पकड़ है। वह 5 बार के विधायक रह चुके हैं। नितिन नबीन का चयन बीजेपी के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। उनकी नेतृत्व क्षमता और जमीनी स्तर पर काम करने की छवि के चलते पार्टी के अंदर और बाहर उनके योगदान को सराहा जाता है। भाजपा का यह कदम खासतौर पर आगामी चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके साथ ही आपको बता दें कि आज से ठीक 6 साल पहले यानी 20 जनवरी 2020 को जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। अब 2026 में भाजपा को नया अध्यक्ष मिला है। यह समय बीजेपी के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर असम, बंगाल, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में चुनावों के मद्देनजर, जहां पार्टी को बड़ी चुनौती का सामना करना है। ऐसे में ये देखना होगा कि वो कितना खरा उतरते है।
मंदिरों में पूजा अर्चना :
नितिन नबीन ने अपने अध्यक्ष पद के ऐलान से पहले आज दिल्ली के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में पूजा अर्चना की, जिससे उन्होंने साफ संदेश दिया कि भाजपा हिंदुत्व की राजनीति करती है और हिंदू पार्टी के कोर वोटर हैं। उन्होंने सबसे पहले झंडेवालान देवी मंदिर में पूजा की, फिर वाल्मिकी मंदिर में जाकर एससी समुदाय को संदेश दिया। इसके बाद, नबीन ने हनुमान मंदिर भी गए और अंत में बंगला साहिब गुरुद्वारा में जाकर सिख समुदाय के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने अपना दायित्व निभाने की बात कही।



