मुंबई (महाराष्ट्र) : एक्टर अक्षय कुमार और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना सोमवार शाम को अपनी विदेश यात्रा पूरी कर के मुंबई लौट ही रहे थे कि उनके साथ एक चौंकाने वाली घटना हो गई। मामले में जानकारी सामने आई है कि एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने घर जाते समय रास्ते में एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी थी। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो उछलकर अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले की एक गाड़ी से जा टकराया और इसके बाद वही गाड़ी सीधे अक्षय कुमार की SUV से भिड़ गई। इस घटना में एक्टर और उनकी पत्नी के साथ उनकी टीम के लोग पूरी तरह सुरक्षित बताये गये हैं। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि ऑटो चालक को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन इस घटना का एक वीडियो सामने आया है जो हैरान करने वाला और गंभीर है।
ऑटो में फंसा शख्स :
सामने आया वीडियो घटना स्थल का है, जहां लोगों की काफी भीड़ नजर आ रही है। वहीँ भीड़ के बीच में एक ऑटो खड़ा दिख रहा है, जिसको घेर कर कई लोग खड़े हैं। इस ऑटो के बीच एक शख्स फंसा हुआ दिख रहा है, जो बेचैन और परेशान है। वीडियो देखकर जाहिर हो रहा है कि शख्स को काफी गंभीर चोटे आईं है। शख्स पूरे होश में लोगों से बात करता दिख रहा है और खुद को बाहर निकालने की गुहार लगा रहा है। वीडियो में मौके पर पहुंची पुलिस भी कार्यवाही करती हुई दिख रही है। लोग शख्स को पानी देते हुये नजर आते हैं और उस निकालने का प्रयास करते भी दिख रहे हैं।
भयानक था हादसा :
इस सड़क हादसे में कार के ड्राइवर घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। इस हादसे में कुल दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। बताया जा रहा है कि हादसे में कार चालक के अलावा ऑटो रिक्शा में सवार दो लोग भी चोटिल हुए हैं। घटना स्थल से सामने आए वीडियो और तस्वीरें हादसे की गंभीरता को साफ तौर पर दिखाते हैं। विजुअल्स में अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले की एक गाड़ी पलटी हुई नजर आ रही है, जबकि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं। यह हादसा इतना भीषण था कि कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। वहीँ बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार हाल ही में अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ विदेश से मुंबई लौटे थे। यह कपल अपनी शादी की 25वीं सालगिरह सेलिब्रेट करने के लिए बाहर गया हुआ था। मुंबई लौटने के कुछ ही घंटों बाद उनके काफिले के साथ यह हादसा हो गया, जिसने सभी को चौंका दिया।



