रायपुर : राजधानी रायपुर के राजा तालाब क्षेत्र में 9 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के मामले में प्रशासन ने आज सुबह बड़ी कार्यवाही की है। जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आरोपी सज्जाद अंसारी के अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया है। तड़के सुबह पुलिस बल की मौजूदगी में हुई। बुधवार सुबह बच्ची से बलात्कार के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के घर पर नगर निगम का बुलडोजर चला है। नगर निगम ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा करते हुए सात दिनों के भीतर मकान से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद आज सुबह राजा तालाब के झंडा चौक स्थित घर पर बुलडोजर से आरोपी के घर को जमींदोज कर दिया गया है। यहाँ बवाल मचने की आशंका के चलते पहले ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
तड़के सुबह पहुंचा निगम का अमला :
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार तड़के सुबह ही नगर निगम और जिला प्रशासन के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ राजा तालाब स्थित झंडा चौक पहुंचे। यहां आरोपी सज्जाद अंसारी का घर और दुकान स्थित है। प्रशासन ने बिना किसी देरी के आरोपी की दुकान और घर के अवैध हिस्से पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, मामले में कार्यवाही के दौरान प्रशासन काफी सावधानी बरती, यहाँ मामले में बवाल होने की उम्मीद थी।
5 दिनों तक दुष्कर्म का है आरोप :
उल्लेखनीय है कि आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी पर 9 साल की एक मासूम बच्ची को बंधक बनाकर लगातार 5 दिनों तक दुष्कर्म करने का बेहद गंभीर आरोप है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और जांच के बाद आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस घटना के बाद से ही शहरवासियों में भारी आक्रोश था और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की जा रही थी। लोगों ने आरोपी की संपत्तियों पर बुलडोजर कार्यवाही की मांग की थी।
जांच में मिला अवैध निर्माण :
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, आरोपी द्वारा किए गए निर्माण की जांच की गई थी, जिसमें पाया गया कि उसने नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण किया था। इससे पहले नगर निगम ने नोटिस चस्पा करने की प्रक्रिया पूरी की थी, जिसके बाद आज ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। “अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। मासूमों के साथ हैवानियत करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा।” प्रशासन के एक अधिकारी ने मौके पर कहा।
क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात :
कार्यवाही के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए झंडा चौक और राजा तालाब के संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी गई थी। फिलहाल कार्यवाही अब भी जारी है और आरोपी के व्यावसायिक प्रतिष्ठान को पूरी तरह मलबे में तब्दील कर दिया गया है। यह कार्यवाही संपत्तियों को जमींदोज करने तक चलेगी। इस कार्यवाही के दौरान पुलिस बल, प्रशासन की टीम और पार्षद मौजूद रहे। वहीँ पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि इन लोगों पर ऐसे ही कार्यवाही की जानी चाहिए। वहीँ इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है, उन्होंने कहा कि अगर उनके वार्ड में कोई भी ऐसा कृत्य होता है तो उस पर ऐसे ही कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। रायपुर की महापौर मीनल चौबे कुछ दिन पहले आई थी, उन्होंने आरोपी की दुकान और घर को तोड़ने के साफ निर्देश दिए थे।



