छत्तीसगढ़ में कल बारिश के आसार, इस तरह बदलेगा मौसम….।

रायपुर : मौसम में नरमी आ चुकी है, ठंड कम होने लगी है, इसके साथ ही पतझड़ भी शुरू हो गया है। जनवरी माह समाप्ति की तरफ, लेकिन छत्तीसगढ़ में ठंड अभी भी अपना असर बनाए हुए है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत दिए हैं। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश में दो सक्रिय मौसम तंत्र के साथ एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर बारिश और बादल गरजने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर फिर बढ़ेगा, जो आने वाली 15 फरवरी तक लगातार बढ़ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता :

मौसम को लेकर वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया है कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ 58 डिग्री पूर्व और 20 डिग्री उत्तर पर स्थित है। इसके साथ ही हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक प्रेरित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ेगा। जिसके बाद 28 और 29 जनवरी को सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। वहीं, प्रदेश के शेष हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम खराब होने पर तबियत पर गहरा असर पड़ सकता है, सर्दी जुखाम से लोग लगातार परेशान है।