मोबाईल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का बड़ा खुलासा, टेलीकॉम कंपनी का इंजीनियर ही निकला मुख्य साजिशकर्ता।

कोंडागांव : मोबाईल टावरों से लगातार बैटरियों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का कोण्डागांव पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता खुद टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत टावर इंजीनियर निकला है, मामले की विवेचना दौरान प्रकरण के दो गौतम शर्मा एवं जुनैद मलिक को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, वहीं इस घटना के बाद से फरार एक अन्य आरोपी मेरठ, उत्तर प्रदेश निवासी समद पिता ईस्लामुद्दीन (33 वर्ष) की तलाश कर हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई है, जिसमें अपराध स्वीकार करने से 2 फरवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है।

इसके साथ पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 लाख 22 हजार रुपए की चोरी की सामग्री व घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। इस कार्यवाही को अंजाम देने में निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, प्रआर मोनाराम मण्डावी, आरक्षक राजू पानीग्राही, फरसुराम मरकाम, प्रकाश मण्डावी एवं साइबर सेल कोंडागाँव से निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, प्रधान आरक्षक अजय बघेल, ऋतुराज सिंह, आरक्षक चन्दन यादव, परमेश्वर साहू, बिज्जू यादव, बिरजू शोरी, सन्तोष कोडोपी, अजय देवगन का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने कहा कि किसी भी आपराधिक मामलों में कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।