मुंगेली : थाना जरहागांव क्षेत्र के ग्राम फरहदा में हुई युवक की हत्या के मामले में मुंगेली पुलिस ने मुस्तैदी से कार्यवाही करते हुए 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया है। मामले के अनुसार बहन से बातचीत करने की शंका को लेकर हुए विवाद में बटनदार चाकू से वार कर युवक की हत्या की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बहन से बातचीत करने की शंका को लेकर हुए पुराने विवाद का परिणाम थी।
दो फरवरी की रात करीब 10:30 बजे ग्राम फरहदा स्थित खरचोरवा तालाब के पास आरोपियों ने युवक कोमल साहू और उसके साथी अर्जुन साहू के साथ मारपीट की थी। इस दौरान आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने चाकू से कोमल साहू के पेट में अचानक से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान कोमल साहू की मृत्यु हो गई थी।
इस घटना की सूचना मिलते ही थाना जरहागांव में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसके साथ ही प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। मामले की विवेचना के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। हत्या में प्रयुक्त हुये चाकू, खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन जब्त किए गये। घटना के बारे में पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप निवासी बजरंगपारा और जयपाल उर्फ कल्लू साहू निवासी फरहदा हैं।



