नई दिल्ली : कलाकार राजपाल यादव के गुरुवार 4 बजे तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने की खबरें सामने आई हैं। दिल्ली हाई कोर्ट का आदेश था, जिसके बाद आज जेल अधिकारियों के सामने राजपाल यादव ने आत्मसमर्पण किया। दिल्ली HC ने राजपाल यादव की अर्जी खारिज कर दी थी। दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को बुधवार शाम 4 बजे आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था, लेकिन बुधवार को आत्मसमर्पण नहीं किया था। तिहाड़ जेल सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने गुरुवार को आत्मसमर्पण किया। कोर्ट ने कहा था – आपने कहा था कि आप बॉम्बे में हैं, इसलिए आपको आत्मसमर्पण के लिए दो दिन का समय दिया गया था। अब ऐसा लगता नहीं कि कोई आधार बचा है। नरमी दिखाने का कोई कारण नहीं है।
राजपाल यादव के वकील ने कहा कि अगर एक हफ्ते की मोहलत मिल जाए तो वो भुगतान कर देगा। अर्जी खारिज होने पर वो आत्मसमर्पण कर देगा। उसने 50 लाख रुपए का इंतजाम कर लिया है। उसने मुझे सबूत भी दे दिए हैं, वो पैसे लेकर आएगा।मालूम हो कि चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव ने कुल 2.5 करोड़ रुपये भुगतान करने का आश्वासन दिया था, जिसमें 40 लाख रुपये और 2.10 करोड़ रुपये की किश्तें शामिल थीं। लेकिन तय समय सीमा के बावजूद कोई भी राशि जमा नहीं की गई। राजपाल यादव के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो फिल्म भूत बंगला और वेलकम टू द जंगल में नजर आएंगे। दोनों फिल्मों की शूटिंग जारी है।



