फर्जी लूट की कहानी बताने वाला नितेश देवांगन पुलिस की गिरफ्त में, 30 ग्राम सोने के गहने जब्त, सामने आया ये मामला….।

दुर्ग/भिलाई : कई बार किसी तरह की नुकसान अथवा घाटे से निकलने के लिये लोगों द्वारा लूट की कहानी रच दी जाती है, जिससे पुलिस को परेशान होना पड़ता है, लेकिन मामला खुल जाता है, ऐसे ही एक मामले में बीमा और मुआवजा राशि को हासिल करने के लिए झूठी लूट की कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त आरोपी ने खुद को लूट का शिकार बताया था और मामले की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में पूरा मामला फर्जी निकला, जिसके कारण पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दरअसल, 5 फरवरी को नितेश देवांगन ने कुम्हारी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी कि वह ज्वेलरी खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कुगदा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार दिखाकर उससे सोने की ज्वेलरी और करीब 14 लाख रुपये नकद लूट लिये, वहीँ फिर इस मामले की शिकायत करने वह थाने पहुंचा।

मामले की शिकायत मिलने के बाद कुम्हारी थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे हुये सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, लेकिन आरोपी द्वारा बताई गई लूट की घटना से संबंधित कोई भी फुटेज सामने नहीं आया, कोई भी साक्ष्य नहीं मिला। सीसीटीवी साक्ष्य नहीं मिलने और आरोपी के बयान में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस ने नितेश देवांगन से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि व्यापार में लगातार नुकसान होने के कारण वह बीमा और मुआवजा राशि पाने के इरादे से झूठी लूट की कहानी पुलिस को बता रहा था।

वहीँ इस मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 ग्राम सोने की ज्वेलरी भी बरामद कर ली है। झूठी एवं भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में नितेश देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीँ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी सूचना देने से बचें, क्योंकि ऐसा करना कानूनन अपराध है और कठोर कार्यवाही की जा सकती है। पुलिस की कार्यवाही में मामला खुल ही जाता है, इसलिये ऐसे कृत्य ना करें।