रायपुर : सामूहिक विवाह के आयोजन से मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। समाज में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानजनक वैवाहिक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से सरल सेवा समिति, विंध्य वासिनी शिक्षण समिति एवं बेवन पाञ्चजन्य संतति विकास सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 8 फरवरी 2026 (रविवार) को एक भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कोटा स्टेडियम के सामने स्थित ओम श्री विद्यालय परिसर, कोटा, रायपुर में आयोजित होगा। इस अवसर पर चयनित वर-वधुओं का विवाह पंडितों की उपस्थिति में वैदिक रीति-रिवाजों एवं सामाजिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। साथ ही वधुओं को आवश्यक गृहस्थी सामग्री एवं सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों में सर्वश्री भागीरथी अग्रवाल एवं पुष्पेंद्र सिंह राजपूत, प्रशांत बख्शी, फणींद्र शर्मा, सीताराम गुप्ता, पुष्पराज पांडे, सुयश शुक्ला, सुदेश यादव, ने संयुक्त रूप से बताया कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों से समाज में सादगी, समानता और आपसी सहयोग की भावना को बल मिलता है तथा विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च पर भी नियंत्रण होता है।
तीनों समितियाँ विगत कई वर्षों से महिला सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सेवा कार्यों एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जिन परिवारों में विवाह तय हो चुका है, आपसी सहमति है तथा वर-वधु की वैधानिक आयु पूर्ण है, 8 फरवरी 2026 को इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होना चाहते हो वे तुरंत ही संपर्क कर सकते हैं। वर वधु पक्ष से 25/25 व्यक्तियों की रहने एवं नाश्ते तथा भोजन की व्यवस्था रखी गई है। इस अवसर पर समाज के लगभग 150 गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति संभावित है।



