रायपुर :केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज शनिवार को तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्री संतोष पांडेय, सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री राजेश मूणत, मुख्य सचिव श्री विकास शील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव (गृह) श्री मनोज पिंगुआ तथा रायपुर पुलिस कमिश्नर श्री संजीव शुक्ला उपस्थित थे।
दूसरी ओर सीएम साय ने ट्वीट कर लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल माता कौशल्या की पावन धरा पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन। केंद्रीय गृह मंत्री , आपका छत्तीसगढ़ आगमन हमारे लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। आपके मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है और नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में मिले सकारात्मक परिणामों ने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में शांति, सुरक्षा और विकास की नई राह प्रशस्त की है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, इस दौरे का मुख्य एजेंडा मार्च 2026 तक माओवादमुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अंतिम ‘एक्शन प्लान’ को हरी झंडी देना है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आठ फरवरी यानी रविवार को नवा रायपुर में नक्सल मामले को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य गृहमंत्री विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, डीजीपी और अर्धसैनिक बलों के आला अधिकारी शिरकत करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री शाह का यह तीन दिवसलीय दौरा सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही बस्तर के बचे पांच प्रतिशत नक्सल हिस्से को भी नक्सलियों से मुक्त कराने की अंतिम रणनीति पर नक्सलवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोंकी जायेगी।
शाह नौ फरवरी को बस्तर पंडूम के समापन में शिरकत
जहां राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू सात फरवरी को बस्तर में आयोजित संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम का उद्घाटन कर इसकी शुरुआत करेंगी। वहीं शाह नौ फरवरी को बस्तर पंडूम के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। इस दौरान बस्तर के कुछ अंदरूनी क्षेत्रों में दौरा करेंगे। सुरक्षाबलों के सीनियर ऑफिसर्स के साथ मुलाकात कर नक्सल रणनीति पर मंथन करेंगे। इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री सात फरवरी की रात को रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से निजी होटल के लिए रवाना होंगे। 8 फरवरी को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक नक्सलवाद पर हाई लेवल मीटिंग लेंगे। शाम 5 बजे से 06:10 तक शिफ्टिंग द लेंस थीम पर आयोजित राष्ट्रीय कॉनक्लेव में शामिल होंगे। निजी होटल में ही रात्रि विश्राम करेंगे। दौरे के आखिरी यानी तीसरे दिन शाह बस्तर पंडूम के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। सुबह 11 बजे विशेष विमान से रायपुर से दंतेश्वरी एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दंतेश्वरी एयरपोर्ट से बाय रोड बस्तर पंडुम कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 12:05 से शाम 04:00 बजे तक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 4:20 को जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



