रायपुर : राजधानी की गली-गली में चाकूबाजों की भरमार हो गई है, आम आदमी लगातार डर के साय में जी रहा है। रायपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चाकू लहराने की घटनाओं पर त्वरित और सख्त कार्यवाही की है। 5 और 6 फरवरी 2026 को हुई कार्यवाही में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मामले में तीन नाबालिगों को समझाईश के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। अपराधियों में नाबालिगों की संख्या भी कम नहीं है, जो चाकू चलाने से बाज नहीं आ रहे है।
स्कूल परिसर में चाकू लहराने का मामला :
मोवा स्थित आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय के एक कक्षा कक्ष में छात्रों द्वारा चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पंडरी थाना पुलिस हरकत में आई। जांच के दौरान पुलिस ने 12वीं कक्षा के छात्र सुशांत प्रधान, उम्र 19 वर्ष, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी सड्डू को गिरफ्तार कर उसके पास से चाकू बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, वीडियो में शामिल तीन नाबालिग छात्रों की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले को लेकर पुलिस लगातार सजग है।
गुढ़ियारी में युवक चाकू लहराते पकड़ा गया :
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के भरत नगर झंडा चौक, रामनगर के पास एक युवक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीरे साहू, उम्र 28 वर्ष, को गिरफ्तार किया गया, यह युवक क्षेत्र में दहशत फ़ैलाने का काम कर रहा था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
खमतराई क्षेत्र में धारदार हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार :
खमतराई थाना क्षेत्र में शेरे पंजाब होटल के सामने एक युवक द्वारा चाकू लहराकर लोगों को डराने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए कृष्णा निषाद उर्फ मोटा, उम्र 26 वर्ष, निवासी गंगा नगर भनपुरी को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से धारदार चाकू बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। वहीँ बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिये पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्यवाही की जायेगी।



