अंबिकापुर : कई बार आग लगने की घटनाओं से व्यापारी बहुत बड़े नुकसान से घिर जाता है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल हो जाता है, ऐसे ही शहर के अंबेडकर चौक स्थित दुकानों में बीती रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यहाँ आग की चपेट में आकर फर्नीचर, ऑटो पार्ट्स की दुकान सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान आए, जिससे दुकानों में रखा हुआ सारा का सारा सामान जलकर खाक हो गया, इसमें बड़ा नुकसान हुआ। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। यह पूरा मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। इस घटना से क्षेत्रिय दुकानदारों में बड़ा हड़कम्प मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात दुकानों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया था, जिसके बाद कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी क्षेत्रों तक फैलने से रोक ली गई। यहाँ घटना में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, जिससे व्यापारी सकते में है।



