सरकारी स्कूल में बंटी बाईबिल, छात्रों के बैग से 14 पुस्तकें बरामद, सामने आया ये मामला….।

जशपुर : आदिवासी क्षेत्रों में और उत्तर छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के मामले लगातार सामने आते रहते है, वहीँ अब फिर चौंकाने वाला नया मामला सामने आया है। यहाँ जशपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में नियमों की अनदेखी कर छात्रों को बाईबिल बांटी गई है। इस मामले में आरोप है कि विद्यालय के एक व्याख्याता ने कक्षा में बाईबिल की प्रतियां वितरित की है, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। यह कृत्य प्रशासनिक नियमों के खिलाफ है, वहीँ ऐसे कृत्यों से विवाद की स्थिति भी निर्मित होती है।

इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, 10 फरवरी को व्याख्याता दीपक तिग्गा विलंब से विद्यालय पहुंचे और बिना प्राचार्य को सूचित किए सीधे कक्षा में चले गए, जहां उन्होंने विद्यार्थियों के बीच बाइबिल की पुस्तिकाएं वितरित की। मामला सामने आने के बाद छात्रों के बैग की जांच की गई, जिसमें बाईबिल की 14 प्रतियां बरामद होने की बात कही जा रही है। प्राचार्य ने इसे गंभीर प्रशासनिक उल्लंघन मानते हुए संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है, ऐसे में उचित कारण ना बताने पर आवश्यक कार्यवाही की जा सकती है।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई है। इसके साथ ही आवश्यक अनुशासनात्मक कार्यवाही की अनुशंसा की गई है। फिलहाल प्रकरण की जांच की जा रही है। वहीं व्याख्याता के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की जा रही है। इस कृत्य से छात्रों के परिजनों ने भी नाराजगी जताई है।