गन के साथ रील बनाकर की हीरोपंती, दीदार अली को पुलिस ने किया गिरफ्तार, आरोपी ने कहा गलती हो गई।

रायगढ़ : वर्तमान में आप तकीनीकी तौर पर कहीं ना किसी जुड़े हुये है, ऐसे में आपको कोई भी गलती भारी पड़ सकती है, आप सार्वजनिक रूप से कोई भी ऐसा काम ना करें जो आपको भारी पड़ जाये, इसके साथ ही आपको ये भी बता दें कि सार्वजनिक स्थल सोशल मीडिया भी है, ऐसे में किसी गलती के कारण आपको जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। ऐसे ही सोशल मीडिया पर हथियार नुमा गन के साथ रील पोस्ट कर दहशत फैलाने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्यवाही की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया और धरमजयगढ़ पुलिस ने संबंधित युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक वैधानिक कार्यवाही की गई है, पुलिस भी अपराधियों को पकड़ने के लिये पहले तकनीकी सहारा लेती है।

सामने आये मामले के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली थी कि इंस्टाग्राम आईडी didar.Ali.927 से एक युवक ने सार्वजनिक स्थान पर गन के साथ रील बनाकर पोस्ट की है। इस वीडियो में युवक खुले आम मार्ग पर हथियार का प्रदर्शन करता हुआ दिखाई दे रहा था, जिससे आमलोगों में भय का माहौल बनने की आशंका जताई गई है, जिसको लेकर पुलिस ने कार्यवाही की। इस मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिये और पुलिस ने युवक की पतासाजी की।

जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी धारक की पहचान दीदार अली (33 वर्ष), पिता निषार अली, निवासी वार्ड क्रमांक 09, पुरानी बस्ती खरसिया के रूप में हुई। वर्तमान में वह शेख अकरम परवेज के मकान, बेहरापारा वार्ड क्रमांक 09, धरमजयगढ़ में निवासरत पाया गया। जानकारी के अनुसार यह वीडियो धरमजयगढ़ के सार्वजनिक मार्ग पर बनाया गया था।

टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में खरसिया-धरमजयगढ़ पुलिस ने युवक को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में दीदार अली ने बताया कि वीडियो में दिखाई गई गन छर्रा वाली एयर गन है, जिसके लिए लाईसेंस की आवश्यकता नहीं होती। हालांकि, पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर उसे खतरनाक हथियार की तरह प्रदर्शित कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अनुचित माना है, जिसके कारण युवक के खिलाफ कार्यवाही की गई।

धरमजयगढ़ पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर हथियारनुमा वस्तु का प्रदर्शन कर दहशत का वातावरण निर्मित करने के आरोप में दीदार अली के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की। साथ ही भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। ऐसे कई मामले सामने लगातार आ रहे है, जिसमें युवा हीरोगिरी के चक्कर में कानून को ताक पर रख रहे है।

एसएसपी का सख्त संदेश :

ऐसे कृत्यों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय या असुरक्षा का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रख रही है। ऐसे कृत्य ना करें जिससे लोगों में गलत सन्देश जाये अथवा दहशत फैले।