ठाकुर देव की मूर्ति को असामाजिक तत्वों ने खंडित कर फेंका, ग्रामीणों आक्रोशित, सामने आया ये मामला….।

कवर्धा : कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंधियारखोर गांव में धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहाँ गांव में स्थित भगवान ठाकुर देव मंदिर की मूर्ति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकालकर दूर फेंक दिया गया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग करने लगे। फिलहाल घटना के पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा नहीं हो सका है, वहीँ इस घटना से क्षेत्रवासी काफी आक्रोशित है। इस मामले की सूचना मिलते ही पंडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मामले की स्थिति को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बरत रही है। बताया जा रहा है कि असामाजिक तत्वों ने ठाकुर देव मंदिर की मूर्ति को खंडित कर फेंक दिया है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। वहीं एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र बघेल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर कड़ी कार्यवाही की जायेगी, क्षेत्र में पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके है, लगातार होने वाले ऐसे मामलों ने क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया है।