नशे के कारोबार में महिलायें भी पीछे नहीं है, कार्यवाही में गांजा तस्करों सहित 13 आरोपी गिरफ्तार।

बिलासपुर : नशे का कारोबार लगातार बढ़ता ही जा रहा है, वहीँ बिलासपुर जिले में भी सूखे नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गांजा और नशीली टेबलेट के अवैध कारोबार में संलिप्त 4 महिलाओं समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी आरोपियों के कब्जे से 8 किलो से अधिक गांजा और 2925 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की गई है।

ये सभी कार्यवाहियां सरकंडा, सिविल लाइन, बेलगहना, सीपत, कोनी, कोटा, रतनपुर, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में की गई है। कार्यवाही में पुलिस द्वारा 12 गांजा तस्कर और 1 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट विक्रेता दबोचे गए हैं। जिनमें जब्त 2925 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की कीमत 11,497 रुपए आंकी गई है। 

महिला गांजा तस्कर गिरफ्तार :

इन सभी कार्यवाहियों के दौरान कोनी पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री मामले में आरोपी महिला पूर्णिमा वर्मा को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से 1 किलो 256 ग्राम गांजा और मोबाईल भी बरामद किया है। कार्यवाही में जप्त मशरूका की कुल कीमत 36,000 रुपए आंकी गई है, वहीँ आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। ऐसे मामलों में महिलायें बढ़ चढ़कर लगी हुई है।