बलौदाबाजार : डर और लालच ही मुख्य तरीका है, लोगों को ठगने का बाकी साधन अलग-अलग हो सकते है, ऐसे ही जादू-मंत्र, टोना-टोटका के जरिए रकम कई गुना बढ़ाने का लालच देकर लाखों रुपये ठगने वाले पिता-पुत्र को थाना पलारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों आरोपियों ने वर्ष 2022 में ग्राम बलौदी और ग्राम रामपुर के दो अलग-अलग व्यक्तियों से कुल 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। वहीँ अब आरोपियों के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नगद जब्त किए गये हैं।
पहला मामला : 3 लाख रुपये लेकर नहीं लौटाये :
एक मामले के अनुसार ग्राम बलौदी निवासी नोहर यादव (57 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2022 में आरोपी पिता-पुत्र उसके घर पहुंचे थे। उन्होंने जादू-मंत्र के माध्यम से पैसे को कई गुना करने का दावा करते हुए 18 अक्टूबर 2022 को उससे 3 लाख रुपये नगद ले लिए। जिसको लेकर आरोप है कि रकम वापस करने के बजाय आरोपियों ने छलपूर्वक विश्वास में लेकर धोखाधड़ी की। इस मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 452/2025 के तहत धारा 420 और 34 भादवि में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई थी।
दूसरा मामला : 2 लाख की ठगी, मांगने पर जान से मारने की धमकी
इसी तरह दूसरे मामले में ग्राम रामपुर निवासी पराग कटियार ने भी आवेदन देकर बताया गया था कि 2 नवंबर 2022 को आरोपियों ने उसके घर पहुंचकर जादू-मंत्र से पैसा डबल करने का झांसा दिया और 2 लाख रुपये नगद ले लिये। फिर जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 454/2025 के तहत धारा 420, 506 और 34 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
एसपी के निर्देश पर तेज हुई कार्यवाही :
इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने थाना प्रभारी पलारी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जिसके बाद निर्देशों के पालन में पुलिस टीम ने जांच और पतासाजी करते हुए ग्राम धौराभाठा, थाना खरोरा, जिला रायपुर से आरोपी दीनदयाल जांगड़े (66 वर्ष) और पुरुषोत्तम जांगड़े (35 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। मामलों में पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर दोनों प्रार्थियों से अलग-अलग मामलों में कुल 5 लाख रुपये लिए थे। पुलिस ने उनके पास से एक मोबाईल और 5 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। अब दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
ऐसे मामलों को लेकर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के जादू-मंत्र या पैसा दोगुना करने जैसे प्रलोभनों में न आएं और ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ठगी के शिकार होने से बचें, लालच अथवा डर के चलते ना फंसे।



