रायपुर : पेट्रोल पम्प एक सम्वेदनशील जगह है, जहाँ हर समय आग लगने का भय रहता है, जिसके कारण यहाँ किसी भी प्रकार लापरवाही ना हो इसका पूरा ध्यान रखा जाता है, लेकिन अब राजधानी के बिरगांव स्थित एक पेट्रोल पंप से एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहाँ पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाने पहुंचे दो युवकों में से एक ने लाईटर से आग लगा दी। गनीमत रही कि पंप कर्मचारियों की सतर्कता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इमरान कुरैशी सहित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे हुई घटना?
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बिरगांव स्थित एक पेट्रोल पंप की है। दो युवक बाइक से पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक के पीछे बैठा युवक नीचे उतरकर सिगरेट जलाने लगा। उसके साथी ने उसे पेट्रोल पंप परिसर में सिगरेट न जलाने की समझाईश दी। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने हाथ में मौजूद लाईटर से पेट्रोल के पास आग लगा दी। जिसके बाद आग की लपटें उठते ही वहां मौजूद कर्मचारी घबरा गये। पेट्रोल डाल रहा कर्मचारी तुरंत पंप मशीन को नीचे फेंककर पीछे हट गया। इस दौरान आग की चिंगारी आरोपी युवक पर भी गिरी, जिससे वह घबराकर मौके से भाग निकला। इस घटना से पेट्रोल पम्प पर दहशत का माहौल बन गया था।
कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा :
घटना के बाद आग फैलने से पहले ही पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशामक यंत्र का उपयोग किया और कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी। यदि थोड़ी भी देर होती तो टैंक या मशीन तक आग पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा विस्फोट और जान-माल का नुकसान संभव था। इस घटना के तुरंत बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गये, दोनों सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गये, इसके साथ ही वहां खड़े किसी व्यक्ति ने घटना का विडियो बना लिया।
वीडियो वायरल, पुलिस ने की त्वरित कार्यवाही :
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के बाद एक आरोपी की पहचान इमरान कुरैशी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ आगजनी व सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं में कार्यवाही की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की जानकारी सामने आई है।



