दुर्ग/भिलाई : हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे है, वाहन चालकों की लापरवाही से कई लोगों की जानें जा रही है, ऐसे ही पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे रोड पर सिरसा गेट प्रीमियम शराब दुकान के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को ठोकर मार दी। इस भयान कहादसे में बाइक सवार मां बेटी की मौत हो गई। मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो साल की बच्ची की मौत इलाज के दौरान लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में हो गई।
इस घटना के बाद पुलिस अज्ञात वाहन चालक की पतासाजी के लिए घटना स्थल सहित आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाल रही है। यह घटना दोपहर करीब दो बजे के आसपास हुई है। घटना के बारे में पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पद्मनाभपुर दुर्ग निवासी राकेश दुबे अपनी बाइक क्रमांक सीजी 07 सीएन 5190 से रायपुर से पद्मनाभपुर स्थित घर पर लौट रहे थे।
उनके साथ उनकी पत्नी अनीता दुबे(32) और दो साल की बेटी सोनम दुबे भी थी। दोपहर करीब दो बजे के आसपास सिरसा गेट के निकट राकेश दुबे की बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक में पीछे बैठी उनकी पत्नी अनीता दुबे और बेटी सोना दुबे सड़क पर गिर गई। गंभीर चोटें लगने से अनीता ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर अवस्था में घायल सोनम दुबे को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भिलाई लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं राकेश दुबे को मामूली चोट लगना बताया जा रहा है। थाना प्रभारी अम्बर सिंग ने बताया कि घटना स्थल व आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन चालक की पतासाजी की जा सके।वहीँ इस घटना के बारे में परिजनों की ओर से पुलिस को बताया गया है कि पीछे से तेज रफ्तार कार ने राकेश दुबे की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद मां-बेटी सड़क पर गिर गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक ट्रक के नीचे आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। इसकी सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।



