बिलासपुर : सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी नई बात नहीं है, इसी को लेकर छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी-कर्मचारियों पर आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) की टीम लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी कड़ी में आज एसीबी बिलासपुर ने बड़ी ट्रैप कार्यवाही करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। स्व सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य की दुकान आबंटित कराने के एवज में आरोपी अधिकारी ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसमें से 90,000 रुपये की रिश्वत की रकम एसीबी ने मौके से बरामद की है।
इस कार्यवाही के बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया है कि ग्राम विद्याडीह, मस्तूरी थाना निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी 2026 को एसीबी इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम विद्याडीह में वर्तमान में शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन पंचायत द्वारा किया जा रहा है। उक्त दुकान को शैल स्व सहायता समूह, विद्याडीह को आबंटित कराने के लिए समूह द्वारा करीब तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन किया गया था। दुकान का शीघ्र आबंटन कराने के लिए समूह की ओर से महेंद्र पटेल को प्रयास करने को कहा गया था।
इस मामले में जब महेंद्र पटेल ने इस संबंध में मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार से संपर्क किया, तो आरोपी अधिकारी ने एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दुकान का आबंटन आदेश जारी करवाने के एवज में 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। वहीँ इस मामले में प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
इस शिकायत का सत्यापन कराने पर आरोप सही पाए गए, जिसके बाद ACB टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की। वहीं 21 फरवरी 2026 को प्रार्थी से व्यवस्था की गई राशि 90 हजार रुपये आरोपी को देने भेजी गई। आरोपी ने अपने महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित आवास पर प्रार्थी से 90 हजार रुपये रिश्वत के रूप में स्वीकार किये, तभी छापा मारने एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत में ली गई पूरी राशि आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली गई है।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्यवाही कर रही है। इसके साथ ही आरोपी के आवास पर भी खोजबीन की कार्यवाही भी जारी है। हाल ही में एसीबी बिलासपुर द्वारा तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू और सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारियों समेत अन्य मामलों में भी ट्रैप कार्रवाई की गई है। यह इस वर्ष एसीबी बिलासपुर की लगातार चौथी ट्रैप कार्यवाही है, एसीबी लगातार रिश्वतखोरों को पकड़ने में लगी हुई है।
इसी को लेकर एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल इसकी सूचना एसीबी को दें, और उन पर आवश्यक कार्यवाही करवायें।



