चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती को किया बेहोश, फिर घिनौना काम बनाया अश्लील वीडियो, आरोपी पंकज यादव गिरफ्त में।

रायगढ़ : बलात्कार के घिनौने मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे है, इनमें कोई कमी नहीं हो रही है। ऐसे ही छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती से बलात्कार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी का नाम पंकज यादव बताया गया है। आरोपी पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित एक प्लांट में सुपरवाइजर था। उसने युवती को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया था। फिर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर अश्लील वीडियो भी बना लिया था। आरोपी युवक, युवती और उसके परिवार को वीडियो भेजकर युवती को बदनाम भी करने लगा था, जिससे युवती और उसके परिजन मानसिक तनाव झेल रहे थे। इस मामले में युवती की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय युवती ने थाना कांसाबेल जिला जशपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। युवती ने शिकायत में बताया था कि वह पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में मजदूरी का कार्य करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सिंगल गेट प्लांट बंजारी में सुपरवाईजर का काम करने वाले पंकज यादव से हुई थी। वह कभी-कभी उसके कमरे में घूमने आना जाना करता था।

इसी दौरान 20 मार्च 2025 की शाम आरोपी एक परिचित महिला के साथ उसके कमरे में आया और चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। वह चाय पीने से वह बेहोश गई। उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील विडियो भी बना लिया। इसके बाद अप्रैल 2025 को आरोपी फिर से उसके कमरे में आया और शारीरिक संबंध बनाने के लिए धमकी देकर दबाव बनाने लगा, जिससे भयभीत होकर युवती अपने गांव चली गई।

घटना को लेकर पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि एक माह पूर्व से आरोपी द्वारा उसके मोबाईल से उसका आपत्तिजनक वीडियो निकालकर उसे और उसके परिवारजनों को मोबाईल नंबरों पर भेजा जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यंत परेशान थी। उसने इसकी शिकायत जशपुर जिले के कांसाबेल थाने में दर्ज करवाई थी। वहीँ कांसाबेल थाने में दुष्कर्म का अपराध कायम कर घटनास्थल रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में होने पर वहां डायरी भेजी गई है।

पूंजीपथरा थाने में भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल कार्यवाही करते हुए आरोपी पंकज गोपाल उर्फ पंकज यादव निवासी पिता स्व. गंझू राम गोपाल उम्र 32 वर्ष निवासी सेंदरीबहार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के मोबाईल की जांच करने पर पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो पाया गया, जिसके आधार पर प्रकरण में आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई है। आरोपी का मोबाईल जब्त कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के जेल में जाने के बाद युवती और उसके परिजनों ने राहत की साँस ली।