राजधानी में हुआ दर्दनाक हादसा, धान से भरा ट्रक कार पे पलटा, दंपत्ति की हुई मौत।

रायपुर : राजधानी में धान से लदा हुआ ओवरलोड ट्रक कार के ऊपर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पति-पत्नी और ड्राइवर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सर्जरी के बाद दंपत्ति घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। यह घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है। घटना में मृतकों की पहचान राजकुमार शर्मा (66), पद्मा शर्मा के रूप में हुई है। जो बलौदाबाजार के रहने वाले थे। ड्राईवर का नाम प्रवीण बताया जा रहा है। बड़े बेटे ने पुणे से ऑनलाईन कैब बुक की थी। इसी से शहर से बाहर निकले ही थे कि यह दर्दनाक हादसा हो गया।

इस घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और तब तक स्थानीय लोग अपने स्तर पर संवेदनशीलता के तहत घायलों की मदद में जुट गये, कुछ लोग कार में फंसे हुये थे, जिन्हें उन्होंने बाहर निकालने की कोशिश की, वहीँ मौके पर पहुंची पुलिस ने मार्ग पर जाम क्लियर किया। इसके बाद घायलों को अस्पताल भेज दिया गया। इस घटना में कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायल दंपत्ति को बाहर निकाला गया और पास के अस्पताल में पहुंचाया गया। लेकिन इलाज शुरू होने के आधे घंटे के भीतर दंपत्ति की मौत हो गई।

दोंदेकला जा रहा था ट्रक :

DSP वीरेंद्र चतुर्वेदी ने दोनों घायलों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया है कि ट्रक पलौद के धान केंद्र से दोंदे कुटकी जा रहा था। ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ट्रक कार को ओवरटेक कर रहा था :

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार डीपीएस स्कूल के सामने थी। स्पीड ब्रेकर के चलते कार की स्पीड कम थी। उसी समय बलौदाबाजार की ओर ही जा रहा धान से लदा हुआ ट्रक कार को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान ब्रेकर में जर्क के चलते ट्रक का लॉकिंग हुक (पट्‌टा) टूट गया। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बांईं ओर जा रही कार पर पलट गया। बताया जा रहा है कि बड़ा बेटा पुणे की एमएनसी में काम करता है और छोटा बेटा मनीष शर्मा रियल एस्टेट का काम देखता है। फ़िलहाल पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी हुई है।