राजधानी में देर रात हुआ हंगामा, कार से टक्कर के बाद युवकों ने काटा बवाल, सामने आई ये जानकारी….।

रायपुर : राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ‘बिस्मिल की महफिल’ कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौट रहे युवकों के बीच कारों की टक्कर को लेकर विवाद हो गया। इस मामूली दुर्घटना ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और सड़क पर जमकर हंगामा शुरू हो गया। इस घटना में प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग वाहनों से लौट रहे थे।

इसी दौरान दो कारों की आपस में टक्कर हो गई, मामले को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते आसपास मौजूद अन्य युवक भी विवाद में शामिल हो गए, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। वहीँ इस घटना का किसी ने विडियो भी बना लिया, जिसके बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस मामले में जो जानकारी आई है उसके अनुसार कार टकराने के बाद दोनों पक्षों के युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो कुछ ही देर में बवाल में बदल गई। सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीसीपी और अतिरिक्त पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने हंगामा कर रहे युवकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो हालात काबू में करने के लिए हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा। इसके बाद सड़क पर हंगामा कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि कुछ युवक मौके से फरार हो गये।

पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों को तेलीबांधा थाने लेकर पहुंची, वहां पर भी उन्होंने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि थाने के भीतर भी युवकों ने नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया। सड़क पर हुए विवाद और पुलिस कार्यवाही के दृश्य वायरल विडियो में देखे जा सकते हैं।