मौदहापारा संडे बाजार पर निगम की सख्ती, अव्यवस्थित दुकानों को लेकर निगम ने जारी किया नियम, अब 10 बजे तक ही लगेंगी दुकानें।

रायपुर : बिना किसी अनुमति के बसाया गया मौदहापारा में लगने वाले संडे बाजार में रविवार को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने कार्यवाही की है। सड़क पर दुकान लगाने वाले फेरीवालों को मुख्य मार्ग से खाली कराया गया है। यहाँ दुकानदारों के 20 ठेले हटवाये गये और 10 टेबल-पलंग जब्त किये गये है, जो अव्यवस्थित तरीके से लगे हुये थे। वहीं मौदहापारा के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं, जिसके तहत बाजार अब केवल सुबह 10 बजे तक लगेगा और दुकानदारों को सफेद लाइन के भीतर ही रहना होगा।

यहाँ पिछले 15 साल में जबरन शुरू किया गया बेतरतीब फैल चुका मौदहापारा का संडे मार्केट अब सीमित हो गया है। यहाँ आगामी रविवार को मौदहापारा मस्जिद से लेकर थाने तक सड़क के दोनों ओर ही दुकानें लगेंगी। हर फेरीवाला सिर्फ 2 टेबल में ही अपना समान लगाकर बिक्री करेगा। यही नहीं दुकानें सिर्फ सुबह 10 बजे तक ही लगेंगी, जिसके बाद सामान समेटना होगा, नहीं तो जब्ती की कार्यवाही की जायेगी।

रविवार को संडे बाजार को व्यवस्थित करने निगम की टीम प्रहरी और पुलिस सुबह 7 बजे सड़क पर उतर गई। टीम ने सड़क पर लगे 20 ठेले व 10 टेबल सहित सामान जब्त किया गया है। निगम टीम की कार्यवाही का असर यह रहा कि बाजार तेजी से सिमट गया, सभी अपने सामान उठाकर हटने लगे। पहले संडे बाजार के दौरान मौदहापारा मुख्य मार्ग पर सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक जाम की स्थिति रहती थी, लेकिन इस रविवार सुबह 11 बजे तक बाजार पूरी तरह खाली हो गया। यहाँ अस्थाई मार्केट के चलते सड़कों में जाम ना लगे, इसके लिए निगम ने कई नियम बनाए हैं, जो अगले रविवार से लागू होगा। दरअसल, 18 फरवरी को निगम के एमआईसी मेंबर मनोज वर्मा की अध्यक्षता में संडे मार्केट को व्यवस्थित रखने बैठक हुई थी।

धीरे – धीरे जबरन शुरू किये इस बाज़ार को लेकर शुरू किया गया था, जो 15 साल में जयस्तंभ चौक से लेकर फाफाडीह चौक तक बढ़ गया है, यहाँ मार्केट में शुरुआती दिनों में मौदहापारा मस्जिद के पास की ही सड़कों पर रविवार को दुकानें लगती थी। समय के साथ यह बाजार फैलता चला गया, यहाँ बाहर के लोग भी रविवार को आकर व्यापार करने लगे, जो एक ही समुदाय के रहते है। यहाँ मौदहापारा के केके रोड से एमजी रोड, थाने के पीछे गली, सुंदरानी गली, गुजराती स्कूल मार्ग, जयस्तंभ चौक स्थित एसबीआई बैंक और फाफाडीह चौक के पहले तक यह बाजार फैल गया।

इससे रविवार सुबह 5 से लेकर शाम 5 बजे तक इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी होती थी। कई बार रंगदारी और दुकानों को लेकर विवाद की स्थिति भी निर्मित हुई है। सड़क में सुगम यातायात बना रहे और बाजार भी व्यवस्थित रहे, इसलिए निगम ने संडे बाजार को लेकर कुछ नियम बनाए हैं, जिसे लागू कर दिया गया है। इसी के तहत रविवार को निगम की टीम सड़क पर उतरी और कार्यवाही की गई। वहीँ इस बाज़ार को बजरंग दल और हिन्दूवादी संगठनों ने बंद करने की मांग भी की है।

जानिए अब इन नियमों के तहत लगेगा संडे मार्केट :

मौदहापारा मस्जिद से लेकर थाने तक सड़क के दोनों ओर ही दुकानें लगेंगी। हर फेरीवाला सिर्फ 2 टेबल में ही अपना समान लगाकर बिक्री करेगा। यहां दुकानें सिर्फ सुबह 10 बजे तक ही लगेंगी, जिसके बाद समेटना होगा। मौदहापारा और रायपुर के लोकल फेरीवालों को ही यहां दुकान लगाने की अनुमति। लोकल आधार कार्ड से वेरिफिकेशन कर निगम देगा परिचय पत्र, ताकि दुकानदारों का डाटा बेस रहे और बाहर के लोगों को यहाँ प्रवेश ना मिले, जिससे किसी प्रकार की कोई घटना हो। वहीँ बाहर के शहरों से आकर दुकान लगाने वालों पर सख्ती की जायेगी। स्थायी दुकानदारों द्वारा भी सड़क पर घेरकर दुकान लगाने पर सख्त कार्यवाही होगी।

समय के साथ-साथ संडे बाजार अव्यवस्थित हो गया था। मौदहापारा मार्ग के बाद यह फाफाडीह, एमजी रोड, सुंदरानी गली तक फैल गया। सुबह से शाम 4 बजे तक यहां से गुजरने वाले लोग परेशान रहते थे। इसलिए नया सिस्टम लागू किया गया है। : मनोज वर्मा, एमआईसी मेंबर

निगम की कार्यवाही सही है। पहले मस्जिद से थाने तक लगती थी। बाद में फैलती चली गई। हालांकि समय को दोपहर 12 बजे तक बढ़ाना चाहिए। साथ ही बाजार की लंबाई गौशाला तक करनी चाहिए, जिससे सभी दुकानदारों को स्थान मिल सके। : शेख मुशीर, पार्षद, हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड।