नशे के सौदागरों पर बड़ी कार्यवाही, 1650 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ अतुल यादव और एक साथी गिरफ्तार।

दुर्ग/भिलाई : नशे के सौदागर लगातार पुलिस की गिरफ्त में आ रहे है, ऐसे ही भिलाई के थाना भिलाई भट्टी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त किये गये मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। वहीँ इस कार्यवाही में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (c) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया है। ये लगातार बड़ी मात्रा में नशे का सामान खपाते थे।

जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी 2026 की रात लगभग 11:56 बजे थाना भिलाई भट्टी को सूचना मिली कि सेक्टर-01 स्थित पंप हाउस के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट का अवैध परिवहन एवं विक्रय कर रहे हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को हिरासत में लिया, जिससे दोनों वहां से भागते हुये पकड़ लिये गये।

भारी मात्रा में नशीली दवा जब्त :

पुलिस द्वारा विधिवत तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1650 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गई. साथ ही एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग परिवहन में किया जा रहा था। इस मामले में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 22 (c) NDPS Act के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। मामले में पुलिस ने आरोपी सागर सिंह राजपूत (21 वर्ष), निवासी वार्ड 18, सेक्टर 03, भिलाई और अतुल यादव (20 वर्ष), निवासी वार्ड 6/F, सेक्टर 01, भिलाई को गिरफ्तार किया है।