रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी जोरदार टक्कर, सामने आया खौफनाक हादसा, 4 लोगों की मौके पर ही मौत।

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहाँ नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रेलर ने स्कॉर्पियो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी है। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया गया है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बन गया। इस भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो दिल दहलाने वाला है। बिलासपुर में गुररुवार देर रात रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव में तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना के अनुसार ट्रेलर अचानक रॉंग साइड आने लगा और तेज रफ़्तार स्कार्पियो उससे टकरा गई।

यस हादसा रात करीब 3 बजे हुआ है, जब ट्रेलर क्रमांक सीजी 11 बीडी 9044 अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 एम क्यू 4220 को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराकर पलट गया, उसमें भरा हुआ माल भी सड़क पर बिखर गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गये।

वहीँ घटना के बाद पहुंची सकरी पुलिस और राहत टीम ने गैस कटर से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी। मृतकों में छत्रपाल रात्रे (37), विशाल लहरें (25), अनमोल लहरें (14) और सोनू मिरी (28) शामिल हैं। ये सभी यादव ढाबा में एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह से लौट रहे थे।

घायल और पुलिस कार्यवाही :

इस गम्भीर हादसे में प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। सकरी पुलिस ने दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा मातम पसरा हुआ है। इन चार लोगों की एक साथ मौत से उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। इस खौफनाक घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो दर्दनाक हादसे के मंजर को बयां कर रहा है। इस दुर्घटना ने नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड चलने वाले भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।