90 वर्षीय बुजुर्ग महिला से किया घिनौना काम, शर्मनाक कृत्य करने वाला 33 वर्षीय दरिंदा गिरफ्त में।

बलौदाबाजार : लोगों में वहशियत और दरिंदगी बढ़ती ही जा रही है, युवा तो युवा, बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलायें भी सुरक्षित नहीं है। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच, बलौदाबाजार जिले के भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र से एक बहुत ही शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ लगभग 90 वर्षीय असहाय बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म की घटना ने स्थानीय समाज को गहराई से झकझोर दिया है। यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों को भी कटघरे में ला खड़ा करती है, यह घटना काफी शर्मनाक है, जहाँ असहाय बुजुर्ग महिला के साथ घिनौनी वारदात की गई है।

भाटापारा ग्रामीण में सामने आई अमानवीय वारदात :

भाटापारा ग्रामीण में सामने आई इस अमानवीय वारदात ने पूरे को स्तब्ध कर दिया है। पीड़िता लंबे समय से गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। वे अधिकतर समय बिस्तर पर ही रहती हैं और पूरी तरह से परिजनों पर ही निर्भर हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रात के समय आरोपी घर में घुसा और बुजुर्ग महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है और घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल व्याप्त है, लोगों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।

परिवार का आरोप और शिकायत :

पीड़िता के परिजनों ने थाना भाटापारा ग्रामीण में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि आरोपी पहले भी घर में घुसकर अशोभनीय हरकत कर चुका था। उस समय भय, सामाजिक दबाव और बदनामी की आशंका के कारण मामला सामने नहीं आ सका था। वहीँ इस बार घटना के बाद परिवार ने साहस जुटाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीँ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्यवाही की। थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 106/2026 दर्ज किया गया। भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 64(2)(ड) एवं 332 के तहत मामला कायम किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ :

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मुख्य आरोपी दीपक टंडन उर्फ चुटू, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम मोपका, थाना भाटापारा ग्रामीण, को हिरासत में लिया। घटना की पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से अपराध स्वीकार किया है। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीँ इस घटना से परिजन सकते में है, और वृद्ध भी शारीरिक और मानसिक परिस्थिति से कमजोर हो गई है।

समाज और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल :

यह घटना समाज की सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशीलता पर गंभीर प्रश्न उठाती है। एक अत्यंत बुजुर्ग और असहाय महिला के साथ इस प्रकार की वारदात ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। स्थानीय नागरिकों ने दोषी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की मांग की है। प्रशासन ने भी आश्वासन दिया है कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जायेंगे, इस मामले ने समाज में गिरती हुई नैतिकता और संस्कारों पर बड़े सवाल खड़े कर दिये है।

शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता से जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.मामले की विवेचना जारी है और सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं ताकि न्यायालय में मजबूत पक्ष प्रस्तुत किया जा सके। : हेमंत पटेल, थाना प्रभारी