बढ़ने लगा गर्मी का असर, अब जल्द ही जरूरत होगी कूलर और एसी की, राजधानी का पारा 35°C पार।

रायपुर : राजधानी में गर्मी का असर बढ़ गया है, वहीँ छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी के संकेत मिल रहे हैं, जिससे असहनीय तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आगामी 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है, दोपहर में गर्मी ज्यादा पड़ेगी। इसके बाद अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। वहीं अगले 7 दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा है, कहीं नमी नहीं रही है। वर्षा के मुख्य आंकड़े शून्य (निरंक) रहे। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.6°सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.9°सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ है। कोमोरिन क्षेत्र और उसके आसपास के क्षेत्रों से लेकर विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर एक द्रोणिका गुजर रही है। यह द्रोणिका आंतरिक तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा से होकर समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर स्थित है। हालांकि इसका प्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास असर नहीं दिख रहा है, लेकिन मौसम में गर्मी बढ़ेगी।

प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35° सेल्सियस और 22° सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।