रायपुर : हादसों से भरा रहा है बीता सप्ताह. जहाँ होली के दौरान तेज रफ़्तार ने कई जानें ली है तो वहीँ सामने आया है एक खौफनाक हादसा। 56 साल की स्वास्थ्य कर्मी रीता दास शुक्रवार सुबह काम पर जाने के लिये निकली हुई थीं। वह ड्यूटी के लिए रायपुर के टाटीबंध से नांदघाट जा रही थीं। रीता बस में आगे की सीट पर बैठी हुई थीं और सफर में उन्हें नींद आ गई थी। तभी अचानक जोरदार टक्कर हुई। यह टक्कर इतनी तेज थी कि रीता को कुछ भी समझ नहीं आया।
जब उनकी नींद खुली, तो वे बस के मलबे में फंसी हुई थीं। उसके दोनों पैर आगे की तरफ फंसे थे और वह हिल भी नहीं पा रही थीं। घटना के बाद बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो चुकी थी। लोगों के रोने और दर्द से कराहने की आवाजें आ रही थीं। लोग मदद के लिए भाग रहे थे। कुछ देर बाद लोगों ने किसी तरह रीता को सुरक्षित बाहर निकाला। रीता काफी सहमी हुई थी।
रीता बताती हैं कि जब उन्होंने बस से बाहर निकलकर मुड़कर देखा तो अंदर का नजारा बहुत डरावना था। बस के अंदर खून से लथपथ लोग पड़े हुये थे। स्थानीय लोग फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश कर रहे थे। बस के अंदर का माहौल काफी दर्दनाक था।
पिता से कहे अंतिम शब्द-जा रही हूं पापा :
घटना के बाद रायपुर लाये गये घायलों में से बेमेतरा की रहने वाली चंचल साहू नाम की लड़की की मौत हो गई है। चंचल बेमेतरा के वार्ड क्रमांक 15 की रहने वाली थीं और बिलासपुर के बिलासा कन्या महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थीं। वह शुक्रवार को पढ़ाई के लिए बिलासपुर जाने के लिये घर से निकली थीं।
चंचल ने पहले बेमेतरा से सिमगा तक का सफर तय किया और सुबह 10.30 बजे सिमगा पहुंचीं। वहां से उन्होंने बिलासपुर जाने के लिए दूसरी बस पकड़ी। बस में बैठने के बाद पिता ललित साहू को फोन किया और बताया कि वह बस में बैठ गई हैं और अब निकल रही हैं।
पिता ललित साहू बताते हैं कि अपनी बेटी से उनकी यह आखिरी बातचीत थी। थोड़ी देर बाद ही रास्ते में उन्हें बस दुर्घटना की खबर मिली। पिता ललित साहू बताते हैं कि यह उनकी बड़ी बेटी थी। एक छोटी बेटी आंचल साहू है। जो बेमेतरा में ही पढ़ाई कर रही है। इस तरह उसके अंतिम शब्द जीवन के अंतिम शब्द बन गये।
जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा गौरव :
इस हादसे में आठ साल का एक छोटा बच्चा गौरव निर्मलकर भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे में गौरव के सिर पर गहरी चोट लगी है। आंबेडकर अस्पताल में उसकी बिगड़ती हालत को देखकर उसे तुरंत रायपुर के डीकेएस अस्पताल भेज दिया गया है। वहां न्यूरो और पीडियाट्रिक सर्जन के डाक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। डाक्टरों का कहना है कि बच्चे की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
चार लोगों की स्थिति स्थिर :
इनके अलावा आंबेडकर अस्पताल में चार अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 25 साल के सैयद रहमत को आक्सीजन पर रखा गया है। 55 साल के पुराणिक लाल, घटना बताने वाली 56 साल की रीता दास और 25 साल के राज निर्मलकर भी यहीं भर्ती हैं। चिकित्सा दल ने बताया है कि ये चारों लोग अब खतरे से बाहर हैं। पुलिस जांच कर रही है कि दुर्घटना कैसे हुई। इस खौफनाक घटना से यात्रियों के परिजन सहमे हुये और दुखी है।
एनएच 130 पर हुआ हादसा :
यह दर्दनाक सड़क हादसा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में स्थित रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर हुआ। जानकारी के अनुसार दरचुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें पांच लोगों की जान चली गई। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।



