जगदलपुर : नशे के क्षेत्र में सस्ता नशा गांजा है, जो राज्य के हर शहर और हर गली में बिक रहा है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। यहाँ बोधघाट थाना पुलिस ने ओड़िशा में दबिश देकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जो छत्तीसगढ़ में गांजे की सप्लाई लगातार कर रहे थे। इन दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 102.82 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख 41 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओड़िशा से गांजा लेकर एक व्यक्ति आडावल रेलवे गेट के पास ग्राहकों की तलाश में खड़ा हुआ है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर नाकाबंदी की गई। वहीँ नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक आरोपी को पूछताछ की। जिसमें आरोपी ने अपना नाम पवन नेताम, निवासी तुरेनार, थाना नगरनार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 2.58 किलोग्राम गांजा और एक मोबाईल फोन बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह गांजा उसे ओड़िशा के रायगड़ा जिले से बरामद किया गया था।
जानकारी मिलने पर इस मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने ओड़िशा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के दाबलीगुड़ा गांव में दबिश देकर सप्लायर हीरालाल नायक खैर कवि नायक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से करीब 100.24 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। वहीँ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(B) और 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त मादक पदार्थ के साथ आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस्तर क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। वहीं पुलिस लगातार नशे के सौदागरों पर अपनी निगरानी बनाकर रखी हुई है।



