तिरुअनंतपुरम (केरल) : 2025 के महाकुंभ मेले के दौरान सुर्खियों में छाई मोनालिसा भोसले ने केरल के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से परिवार के खिलाफ जाकर एक्टर और मॉडल फरमान खान से शादी कर ली है। शादी के बाद से ही कपल को लव जिहाद जैसी टिप्पणियों और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे मोनालिसा काफी परेशान है। शादी के बाद मिल रहीं आलोचनाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए मोनालिसा के पति फरमान खान ने ‘लव जिहाद’ के आरोपों को खारिज किया है। तो वहीं, मोनालिसा ने भी कहा अहि वो सभी धर्मों का सम्मान करती हैं।
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं का जवाब देते हुए मोनालिसा ने कहा, “मैंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की है।” उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति फरमान खान पहले उनसे शादी नहीं करना चाहते थे, लेकिन उन्होंने ही उन्हें राजी किया। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता मेरी शादी मेरी बुआ के लड़के से करवाना चाहते थे, लेकिन मैं उनसे शादी नहीं करना चाहती थी क्योंकि वो मेरे भाई लगे।” इसके साथ ही मोनालिसा ने आगे कहा, “मैंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की है। और ये ‘लव जिहाद’ नहीं है। मैं सभी धर्मों का सम्मान करती हूं और सभी धर्मों को समान मानती हूं।”
मोनालिसा मूल रूप से इंदौर की रहने वाली हैं और फरमान महाराष्ट्र के निवासी हैं। मोनालिसा भोसले और फरमान खान ने 11 मार्च को तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर श्री नैनार देव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर बवाल उठ चुका है। जोड़े ने अपने परिवार के साथ बगावत करके केरल में सिविल मैरिज की है। इस अंतर्जातीय विवाह से मोनालिसा के माता-पिता बिलकुल भी खुश नहीं थे। इसके चलते सुरक्षा को देखते हुए मोनालिसा ने केरल पुलिस से मदद की गुहार भी लगाई।
मोनालिसा पी. बिनु वर्गीस की फिल्म ‘नागम्मा’ से मलयाली एक्टर कैलाश के साथ मलयालम सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। इतना ही नहीं, वो सनोज मिश्रा की अपकमिंग फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ से बॉलीवुड में भी डेब्यू करने की तैयारी कर रही हैं। फिल्मों के अलावा, मोनालिसा अलग-अलग ब्रांड्स के जरिए इंस्टाग्राम पर अपने फैंस से जुड़ती रहती हैं।
उम्र को लेकर बवाल उठने के बाद दी ये जानकारी :
शादी के बाद मोनालिसा और उनके पति फरमान पहली बार सामने आए और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी मुद्दों पर खुलकर बात की, उन्होंने अपनी उम्र को लेकर उठ रहे विवाद के बीच फरमान ने दावा किया है कि मोनालिसा की उम्र 18 साल है और उन्होंने मोनालिसा का आधार कार्ड, पैन कार्ड और बर्थ सर्टिफिकेट भी दिखाया। फरमान ने दावा किया कि मोनालिसा का जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 है और सभी डॉक्यूमेंट में ये दर्ज है। इसके साथ ही मोनालिसा और फरमान का मैरिज सर्टिफिकेट भी सामने आ गया है, जिसमें मोनालिसा की उम्र 18 साल से ज्यादा दर्ज है। मैरिज सर्टिफिकेट के मुताबिक, मोनालिसा भोसले की जन्मतिथि 1 जनवरी 2008 है. मैरिज सर्टिफिकेट के अनुसार, मोनालिसा के पति फरमान की जन्मतिथि 11 जून 2000 है और उनकी उम्र 25 साल से ज्यादा है।
फेसबुक से शुरू हुई मोनालिसा-फरमान खान की लव स्टोरी :
मोनालिसा और फरमान की मुलाकात फेसबुक पर करीब 6 महीने पहले हुई थी। बाद में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। वहीं, फरमान का कहना है कि दोनों का प्यार एक फिल्म के सेट पर पनपा था। जिसको लेकर फरमान ने यह भी बताया है कि पहले उन्होंने शादी से इंकार कर दिया था, लेकिन बाद में दोनों एक फिल्म सेट पर मिले और प्यार हो गया। वहीँ आपको बता दें कि कुंभ मेला 2025 के दौरान माला बेचकर सोशल मीडिया पर छाई मोनालिसा भोसले ने परिवार और अपने पिता जय सिंह भोसले के खिलाफ जाकर अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से शादी की है।



