रायपुर : राजधानी लोगों के लिये मुंबई दिल्ली जैसी बन गई है, यहाँ अपराध चरम पर है, नशे का बाज़ार , जुआ का बाज़ार, देर रात नशीली पार्टियाँ, शराब और शबाब के काम बढ़ते ही जा रहे है, ऐसे में पुलिस की कार्यवाही भी जारी है। सामने आई खबर के अनुसार रायपुर में विदेशी नागरिकों से जुड़े एक मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने बिना वैध वीजा के रह रही दो रूसी युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों की पहचान दिनोरा और सारा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों युवतियां वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी शहर में रह रही थीं। प्रारंभिक जांच में उनके देह व्यापार से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है, जिसको लेकर जांच पड़ताल की जा रही है।
इस मामले की जांच तब तेज हुई जब वीआईपी रोड पर हुए एक हादसे और उसके बाद हुए विवाद के दौरान एक रूसी युवती और भावेश आचार्य से पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवती ने कई अहम जानकारियां दीं, जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की, जिसके बाद धीरे – धीरे मामले सामने आने लगे।
जांच में यह भी पता चला कि तेलीबांधा और सरस्वती नगर क्षेत्रों के कुछ होटलों में विदेशों और देश के अलग-अलग राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। साथ ही इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। जल्द ही इनसे जुड़े मामलों का खुलासा किया जायेगा।



