पलवल (हरियाणा) : पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में तुरा जामा मस्जिद पर गोरा चरमपंथियों के हमले का मामला अभी शांत नहीं हुआ था कि अब हरियाणा से भी इसी तरह की खौफनाक घटना सामने आई है, जिससे सांप्रदायिक माहौल खराब होने की बात सामने आई है, मामले के अनुसार हरियाणा के पलवल जिले में देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने एक मस्जिद में आग लगाने की कथित कोशिश की। वहीँ इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया।
पलवल में जिस असामाजिक तत्वों ने आग लगाई, उस समय अंदर इबादत के लिए ठहरे हुए लोग सो रहे थे। धुएं और आग की गर्मी महसूस होते ही उन्होंने शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीँ इस घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
यह घटना पलवल जिले के सदर थाना क्षेत्र के टिकरी ब्राह्मण गांव की है. जानकारी के मुताबिक, 10 से 11 मार्च की दरमियानी रात करीब 1:25 बजे कुछ लोगों ने मस्जिद की खिड़की तोड़कर अंदर पेट्रोल डाल दिया था और आग लगा दी थी। उस समय मस्जिद के अंदर इमाम जुबेर समेत चार लोग मौजूद थे, जो रमजान के आखिरी दस दिनों में की जाने वाली खास इबादत “एतिकाफ” के लिए ठहरे हुए थे, जहाँ एकांत में वो इबादत कर रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, मस्जिद के इमाम जुबेर, इकबाल, हनीफ और सोहैल अंदर सो रहे थे। अचानक उन्हें धुएं की तेज गंध और गर्मी महसूस हुई, जिससे वो लोग सहम गये, जब वे जागे तो देखा कि मस्जिद के अंदर धुआं फैल रहा है और आग लग चुकी है। तुरंत बाहर निकलकर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया गया।
गांव वालों की मदद से आग को जल्दी ही बुझा दिया गया। इससे पहले कि लपटें पूरे ढांचे में फैलतीं, स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस वजह से किसी तरह का बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई। इस मामले में इमाम जुबेर की शिकायत पर पुलिस ने एक प्रमुख आरोपी सहित कुछ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पलवल के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।



