पेट्रोल पंप में 40 लाख रुपये का किया गबन, मालिक ने मैनेजर लालजी पटेल के खिलाफ दर्ज करवाया मामला, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

गौरेला-पेंड्री-मरवाही : अमानत में खयानत के मामले कई बार सामने आये है, ऐसा ही एक मामला है, जो केवची गांव स्थित “एचपी उर्मिला पेट्रोलियम” पेट्रोल पंप का है, यहाँ 40 लाख रुपये का गबन मैनेजर द्वारा किया गया है। पेट्रोल पंप के संचालक की शिकायत पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी पंप मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को फिलहाल हिरासत में रखा गया है और पूछताछ की जा रही है।

मामले के अनुसार पूर्व जज और केवची गांव स्थित “एचपी उर्मिला पेट्रोलियम” पेट्रोल पंप के संचालक प्रमोद सिंह परस्ते (53 वर्ष) ने थाना गौरेला में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनके पंप के मैनेजर लालजी पटेल (47 वर्ष, पेंड्रा अमरपुर गांव) ने लगभग 40 लाख रुपये का गबन किया है। इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लालजी पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।

शिकायत के अनुसार, पंप के संचालन, आय-व्यय का लेखा-जोखा और दैनिक बिक्री रिकॉर्ड रखने के लिए लालजी पटेल को मैनेजर के रूप में नियुक्त किया गया था, हिसाब किताब वही देखा करता था। पंप संचालन के लिए एसबीआई गौरेला से एचपीसीएल की ई-डीलर फाइनेंसिंग स्कीम (e-DFS) के तहत लगभग 67 लाख रुपये की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।

पंप का संचालन सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन वर्ष 2025 के मध्य से बैंक और कंपनी अधिकारियों ने खातों में गड़बड़ी की आशंका जताई। फिर जांच में पता चला कि लालजी पटेल ग्राहकों से उधारी की राशि पंप के अधिकृत QR कोड के बजाय अपने निजी फोन-पे नंबरों में जमा करवा रहा था। जिसको लेकर कुछ ग्राहकों ने भी इसकी पुष्टि रसीद और भुगतान के दस्तावेजों के साथ की है।

बैंक स्टेटमेंट और पंप के रजिस्टर के मिलान से यह भी सामने आया कि दैनिक नकद और अधिकृत ऑनलाईन भुगतान ही खाते में जमा हो रहे थे, जबकि निजी QR कोड में प्राप्त राशि का कोई रिकॉर्ड ही नहीं था। शिकायतकर्ता के अनुसार इस तरह लगभग 40 लाख रुपये का गबन किया गया। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद 15 जनवरी 2026 को आरोपी मैनेजर को काम से हटा दिया गया।

शिकायत को लेकर पुलिस ने दस्तावेजों और लालजी पटेल के बैंक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने हर्बल लाइफ प्रोडक्ट में निवेश किया और उसकी ईवी कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस ने लालजी पटेल के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने पर अन्य धाराएँ जोड़कर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जायेगी। वहीँ लाखों रूपये के गबन से संचालक भी स्तब्ध है।