रायपुर : बीते तीन – चार दिनों से मौसम में बड़ा बदलाव हो गया है, राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरे है। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे किसानों के लिये चिंता बढ़ गई है। वहीँ मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हल्की से मध्यम वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। वहीं आज के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि कुछ क्षेत्रों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें चल सकती हैं और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है, मौसम में ठंडक बढ़ेगी। इसके साथ ही आपको बता दें कि बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 35.2°C दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 19.2°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.6°C रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
मौसम क्यों बदला?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में दो प्रमुख मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। मध्य प्रदेश के मध्य भाग में समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से मध्य प्रदेश होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका भी नमी ला रही है, जिससे वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है, इससे मौसम में बड़ा बदलाव हुआ है।
आज कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग ने आज 19 मार्च के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को आकाश आंशिक रूप से बदल छाये रहेंगे। वर्षा या गरज-चमक के साथ छींटों के पड़ने की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान लगभग 34°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। रात को आंधी तूफान चलने की सम्भावना है, राहत की बात यह है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में 3-5°C की गिरावट बनी रहेगी, जिससे भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलेगी।



