XUV कार में बैठे थे दूल्हा दुल्हन सहित 7 लोग, अचानक लगी भयानक आग, सभी ने कूदकर बचाई जान।

मुंगेली : पहले समय की कारों में आग लगने की घटनायें सामने नहीं आती थी, अब लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे है, जिसमें कारों में आग लग रही है, इसके साथ ही सेन्ट्रल लॉकिंग सिस्टम भी जानलेवा बन रहा है। वहीँ सामने आया मामला है मुंगेली जिले का जहाँ’ जिले में बारात से लौट रही एक XUV 700 कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन सहित कुल 7 लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई, कार में भीषण आग लग गई थी, जिससे कार जलकर खाक हो गई। यह घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवापुल के पास की बताई गई है, गनीमत रही की इस घटना में किसी की जान नहीं गई।

जानकारी सामने आई है कि बेमेतरा जिले के खाती से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई हुई थी, जहां बीती रात शादी समारोह हुआ। सुबह विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन सहित 7 लोग कार से लौट रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर को गाड़ी से धुआं निकलता महसूस हुआ। उसने तुरंत वाहन रोका और बाहर निकलकर देखा तो आग तेजी से फैलने लगी। जिसके बाद देखते ही देखते कार के अंदर धुआं भर गया, जिससे कुछ भी दिखाई देना बंद हो गया।

खतरे की स्थिति को भांपते हुए सभी लोग आनन-फानन में गाड़ी से बाहर निकले। जिसके बाद कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी और पूरी तरह खाक हो गई, जिससे वाहन में सवार यात्री काफी घबरा गये। इस घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन यात्रियों में काफी देर तक दहशत बनी रही।