श्याम प्लाजा से हटकर राजधानी का पासपोर्ट केंद्र अब इस जगह होगा स्थानांतरित….।

रायपुर : वर्तमान में पासपोर्ट हर कोई बनवा रहा है, भले ही विदेश यात्रा हो या ना हो लेकिन लोगों में पासपोर्ट बनवाने की होड़ लग गई है, ऐसे में पासपोर्ट सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की जा रही है। जिसको लेकर अब पासपोर्ट सेवा केंद्र अब तेलीबांधा में स्थानांतरित होने जा रहा है। अब तक यह केंद्र पंडरी के श्याम प्लाजा में संचालित हो रहा था, लेकिन सीमित जगह के कारण इसे स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस नया केंद्र तेलीबांधा स्थित वन हाई स्ट्रीट कॉम्प्लेक्स के सेकेंड फ्लोर पर बनाया जा रहा है।

क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी बीएस राणा के अनुसार 6 अप्रैल से सभी सेवायें अब नये दफ्तर से ही संचालित होंगी। इस तारीख के बाद ऑनलाईन अपॉइंटमेंट लेने वाले आवेदकों को नए पते पर ही पहुंचना होगा। साथ ही पुराने लंबित आवेदनों का निपटारा भी यहीं किया जायेगा। अधिकारियों के मुताबिक नए केंद्र में बेहतर पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और हाईटेक सिस्टम उपलब्ध होंगे। इस बदलाव से रायपुर के साथ-साथ भिलाई, बिलासपुर और महासमुंद से आने वाले आवेदकों को भी सुविधा मिलेगी। लगातार पासपोर्ट केंद्र आने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है।

इसके साथ ही आपको बता दें कि डीडी नगर वाला पासपोर्ट दफ्तर अपनी जगह से ही संचालित होता रहेगा। इस दफ्तर से संबंधित सभी काम इसी पते के ऑफिस से होते रहेंगे। पासपोर्ट सेवा केंद्र का संचालन टीसीएस कंपनी करती है। सभी प्रक्रिया के बाद डीडी नगर के पासपोर्ट दफ्तर से छत्तीसगढ़ पासपोर्ट अधिकारी के हस्ताक्षर से पासपोर्ट स्पीड पोस्ट से आवेदकों के घरों में भेजे जाते हैं।