रायपुर : मौसम में बड़ा बदलाव हो रहा है, छत्तीसगढ़ में इस समय मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जायेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली है। हालांकि, आने वाले चार दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। इसके बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के संकेत भी मिल रहे हैं। आम जन जीवन पर अब गर्मी का असर पड़ेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 27 मार्च को छत्तीसगढ़ में बारिश और हवायें चलने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। कुछ क्षेत्रों में धूप बनी रहेगी। धूलभरी हवा की आशंका है।
राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म :
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3°C की वृद्धि होगी। इसके बाद तापमान स्थिर रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा। वहीँ प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.0°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया है। इससे साफ है कि दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। सुबह का मौसम काफी हद तक ठंडा बना हुआ है।



